नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) का दूसरा सत्र अब 10 फ्रेंचाइजी टीम के साथ खेला जाएगा जबकि पहले सत्र में इसका आयोजन आठ टीम के साथ किया गया था।
इसके साथ ही खिलाड़ियों की नीलामी का पर्स (बजट) बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के अगले सत्र को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है जबकि केसीएल अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहती है।
मीडिया बयान के अनुसार झज्जर जगुआर्स और कुरुक्षेत्र नाइट्स दो नयी टीम होंगी।
अन्य टीम में भिवानी बुल्स, रोहतक रॉयल्स, करनाल किंग्स, गुरुग्राम गुरुस, सोनीपत स्टार्स, पानीपत पैंथर्स, फरीदाबाद फाइटर्स और हिसार हीरोज शामिल हैं।
पीकेएल के 13वें सत्र के कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता बनी हुर्ई है और माना जा रहा है कि अब यह सत्र जून-जुलाई 2027 तक खिसक सकता है क्योंकि उसका पिछला प्रसारण अधिकार समझौता खत्म हो गया है और नया मीडिया भागीदार मिलने में देरी हो रही है।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘केसीएल का लक्ष्य एक व्यवस्थित प्रतियोगिता, फ्रेंचाइजी आधारित मौके, खिलाड़ियों को पहचान और व्यावसायिक दृश्यता प्रदान करके इस कमी को पूरा करने में योगदान देना है। ’’
दूसरे सत्र के खिलाड़ियों की नीलामी 17 अक्टूबर को हुई जिसमें 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अयान लोचाब इसमें सबसे ज्यादा 17.4 लाख रुपये में खरीदे गए।
भाषा नमिता मोना
मोना