Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

केरलम में भ्रष्ट गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर आईएएस अफसर स्थानांतरित: माकपा

तिरुवनंतपुरम, तीन नवंबर (भाषा) केरलम में विपक्षी दल माकपा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का एक दिन पहले किया गया स्थानांतरण भ्रष्ट गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने आरोप लगाया, ‘‘इसलिए वे (सरकार) अपने पसंदीदा वरिष्ठ नौकरशाहों को ऐसे विभागों में भेज रहे हैं, जहां भ्रष्टाचार की गुंजाइश है।’’

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए गृह, वित्त, स्वास्थ्य, बिजली और उद्योग सहित प्रमुख विभागों के प्रमुखों में बदलाव किया।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव के आर ज्योतिलाल (1993 बैच) का तबादला कर उन्हें गृह और सतर्कता विभागों का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें जल संसाधन, आवास और कॉयर (नारियल का रेशा) विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

गृह और सतर्कता विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे मिन्हाज आलम (1996 बैच) को वित्त विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

उन्हें कर विभाग, सार्वजनिक खरीद सलाहकार विभाग और 'रीबिल्ड' केरल पहल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वह केरल वित्तीय निगम के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य करेंगे।

एक अन्य महत्वपूर्ण नियुक्ति के तहत प्रशांत एन (2007 बैच) को केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने एम जी राजमणिक्कम (2008 बैच) की जगह ली है, जिनका तबादला स्थानीय स्वशासन विभाग के सचिव के पद पर किया गया है।

इसके अलावा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रधान सचिव डॉ. शर्मिला मैरी जोसेफ (1997 बैच) को स्थानांतरित कर परिवहन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।

उनका तबादला विभिन्न मुद्दों पर उनके और स्वास्थ्य मंत्री के मुरलीधरन के बीच कथित मतभेदों के बाद हुआ है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश