Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

मणिपुर: युवकों की हत्या के विरोध में कांगपोकपी में बंद जारी, जनजीवन प्रभावित

इंफाल, तीन नवंबर (भाषा) मणिपुर के सेनापति जिले में दो कुकी-जो युवकों के क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले में राज्य सरकार की कथित निष्क्रियता के विरोध में एक आदिवासी संगठन द्वारा कांगपोकपी में बंद का आह्वान किए जाने के बाद से मंगलवार को भी बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से इंफाल की ओर जा रहे कई मालवाहक वाहन कांगपोकपी में प्रवेश नहीं कर सके और वह पड़ोसी सेनापति जिले में ही फंसे रहे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिले में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

आदिवासी एकता समिति (सीओटीयू) ने दो कुकी नागरिकों की हत्या के मामले में राज्य सरकार की कथित निष्क्रियता के विरोध में बंद का आह्वान किया था।

कुछ दिन पहले लापता हुए दोनों युवकों के क्षत-विक्षत शव रविवार सुबह सेनापति जिले के पहाड़ी इलाके में मिले थे।

शव बरामद होने के बाद सीओटीयू ने रविवार से कांगपोकपी में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया था। संगठन ने सोमवार रात इसे 48 घंटे के लिए और बढ़ा दिया।

कुकी संगठन ने कहा कि दो निर्दोष कुकी-जो नागरिकों की नृशंस और अमानवीय हत्या के मामले में न्याय दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई शुरू करने में सरकार की ‘‘शर्मनाक अनिर्णय की स्थिति, अस्वीकार्य चुप्पी और लगातार विफलता’’ के विरोध में बंद की अवधि बढ़ाई गई है।

आदिवासी संगठन ने यह भी कहा कि कुकी-जो समुदाय न्याय के स्थान पर ‘‘खोखले आश्वासनों और प्रशासनिक बहानों’’ को स्वीकार नहीं करेगा। संगठन ने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

मणिपुर में मई 2023 में घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।

हाल के महीनों में कुकी और नगा समुदायों के बीच भी झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश