Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

गुजरात में रुपयों के लेन-देन के विवाद में दो भाइयों ने वाहन को आग लगाई, दो लोग जिंदा जले

अमरेली (गुजरात), तीन नवंबर (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में रुपयों के लेन-देन के चलते दो भाइयों ने एक वाहन को कथित तौर पर आग लगा दी, जिससे उसमें सो रहे एक 16 वर्षीय किशोर सहित दो लोग जिंदा जल गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक विस्मय मनसेता ने बताया कि घटना लिलिया तालुका के गुंदरण गांव के बाहरी इलाके में आधी रात के आसपास हुई, जब आरोपी विनोद डोडियार और उसके भाई राजू ने वाहन को कब्जे में लेने के विवाद को लेकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रवि बघेल (16) और नितिन पछाया (21) के रूप में हुई है, जो शिकायतकर्ता कमलेश बघेल के बेटे और भतीजे थे।

मनसेता ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता ने 10 दिन पहले आरोपी से वाहन को अपने कब्जे में लिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए विनोद डोडियार ने अपने भाई के साथ मिलकर वाहन को आग लगाने की साजिश रची। उस समय वाहन के भीतर सो रहे शिकायतकर्ता के बेटे और भतीजे की जलकर मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि विनोद ने शिकायतकर्ता से किस्तों पर वाहन खरीदा था। किस्तों का भुगतान न करने पर मूल विक्रेता ने शिकायतकर्ता को वाहन अपने कब्जे में लेने को कहा था

अधिकारी ने कहा, ‘‘60,000 रुपये का बकाया भुगतान नहीं किया गया था। बघेल द्वारा वाहन को कब्जे में लेने से नाराज आरोपियों ने इसे आग लगाने की साजिश रची, जिससे दो लोगों की मौत हो गई।’’

उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा