नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) वित्तीय सेवाएं देने वाली और परामर्श कंपनी कंपनी चॉइस इंटरनेशनल का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 23 प्रतिशत बढ़कर 69.47 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से आमदनी अधिक होने के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसे 56.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी की कुल आय चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 33 प्रतिशत बढ़कर 379 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 284.1 करोड़ रुपये थी।
चॉइस इंटरनेशनल का खर्च भी आलोच्य तिमाही में 36 प्रतिशत बढ़कर 285.2 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 209.7 करोड़ रुपये था।
कारोबार के मोर्चे पर चॉइस ने 1.73 लाख नए डीमैट खाते जोड़े। इससे कुल खातों की संख्या 14 प्रतिशत बढ़कर 13.78 लाख हो गई।
चॉइस इंटरनेशनल लि. के प्रबंध निदेशक कमल पोद्दार ने कहा, ‘‘तिमाही में अबतक का हमारा सबसे मजबूत प्रदर्शन भारत में निवेश, वित्तपोषण और विकास की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार का विस्तार करने की हमारी रणनीति को और मजबूती प्रदान करता है।''
उन्होंने कहा कि इन कारोबार के विस्तार के साथ प्राथमिकता ग्राहकों के साथ संबंधों को और मजबूत करने तथा समूह के साझा वितरण तंत्र, प्रौद्योगिकी और विशेषज्ञता का अधिकतम उपयोग कर टिकाऊ आय बढ़ाने पर होगी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रत्येक एक शेयर के बदले एक बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।
भाषा रमण अजय
अजय