Breaking News

PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |   दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, सुबह 4:50 बजे JLN स्टेडियम का AQI 374     |   छठ महापर्व शुरू, PM मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं     |   दिल्ली में प्रदूषण का खतरनाक स्तर, स्वस्थ लोग भी हो सकते हैं प्रभावित     |  

नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में एक भारतीय की मौत

(शिरीष बी. प्रधान)

काठमांडू, तीन नवंबर (भाषा) नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को एक हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई, जिसमें 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नेपाल पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह टक्कर सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर मंगलवार को हुई, जहां दो हेलीकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे।

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, 'फिशटेल एयर' और 'एयर डायनेस्टी' द्वारा संचालित दोनों हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजकर 11 मिनट पर टकराए।

पुलिस निरीक्षक मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में हुई है और वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे।

उन्होंने बताया कि इसी हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड निवासी भारतीय मूल के शैलेश कृष्ण पटेल (49) भी घायल हो गए।

तमांग के अनुसार, पटेल को एक प्रभु हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हादसे में फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और एयर डायनेस्टी के पायलट प्रज्वल केसी भी घायल हो गए। दोनों नेपाली नागरिकों को उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है।

फेरीचे, माउंट एवरेस्ट आधार शिविर के रास्ते में पड़ता है, जो काठमांडू से 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।

पुलिस ने बताया कि बालारामारामाडु का पार्थिव शरीर लुकला के एक अस्पताल में ले जाया गया है। हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

भाषा

प्रचेता अमित

अमित