Breaking News

PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |   दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, सुबह 4:50 बजे JLN स्टेडियम का AQI 374     |   छठ महापर्व शुरू, PM मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं     |   दिल्ली में प्रदूषण का खतरनाक स्तर, स्वस्थ लोग भी हो सकते हैं प्रभावित     |  

मप्र: सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की हत्या का आरोपी आगरा से गिरफ्तार, भागने के प्रयास में घायल

भोपाल, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हालांकि भोपाल लाने के दौरान आरोपी वरुण कुमार ने भागने की कोशिश की, जिसमें पुलिस की एक गोली उसके पैर में लगी। उन्होंने बताया कि आरोपी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

अग्रवाल 30 सितंबर को भोपाल के रातीबड़ इलाके स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे और उनका गला रेता गया था। अग्रवाल की हत्या का आरोपी और उनका देखभाल करने वाला वरुण कुमार तभी से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही थी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।

रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ''आरोपी को आगरा से गिरफ्तार किया गया था और उसे सड़क के रास्ते भोपाल लाया जा रहा था। इसी दौरान मंगलवार सुबह मुगलिया छाप के पास उसने पेशाब करने का बहाना बनाया।'

उन्होंने कहा कि आरोपी ने इसी बीच पुलिस की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और फिर पुलिस टीम के साथ हुई छीनाझपटी में उसके हाथ से ही गोली चल गई।

शर्मा ने कहा कि गोली उसके पैर में लगी है, जिसके बाद आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करके हत्या से जुड़े पूरे घटनाक्रम और वारदात के पीछे की वजहों का खुलासा करेगी।

भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था, जिसकी कमान सहायक पुलिस महानिरीक्षक उमेश तिवारी को सौंपी गई थी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पंजाब के रहने वाले अग्रवाल 1982 बैच के आईएएस अधिकारी थे और मध्यप्रदेश कैडर में शामिल हुए थे। उन्होंने जिला कलेक्टर सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दी थीं। वह कई विभागों में सचिव और प्रमुख सचिव भी रहे थे। उनकी अंतिम पदस्थापना भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के महानिदेशक के रूप में थी।

शारीरिक रूप से अस्वस्थ रहने के कारण अग्रवाल ने हत्या की घटना से महज तीन दिन पहले वरुण कुमार को परिवार की देखभाल के लिए एक एजेंसी के माध्यम से नौकरी पर रखा था।

भाषा ब्रजेन्द्र

अमित

अमित