नोएडा (उत्तर प्रदेश), तीन नवंबर (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार दो आरोपियों को मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस प्रवक्ता सुबोध कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह जेवर थाने की पुलिस झाझर रोड स्थित बिजलीघर के पास अवरोधक लगाकर वाहनों और राहगीरों की जांच कर रही थी तभी सामने से दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा कर दोनों को घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। पुलिस की कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
कुमार ने बताया कि घायल आरोपियों की पहचान जहांगीरपुर कस्बा निवासी शेर मोहम्मद और बुलंदशहर जिले के पहासू कस्बा निवासी मौसीम के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों आरोपियों ने सात अक्टूबर की रात जहांगीरपुर कस्बे के बाजार में इमरान (36) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना का एक वीडियो सामाजिक माध्यमों पर काफी प्रसारित हुआ था।’’
उन्होंने बताया कि इमरान 2021 में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में जेल गया था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
कुमार ने कहा कि इमरान की हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक नौ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
भाषा सं खारी
खारी