प्रतापगढ़ (उप्र), दो नवंबर (भाषा) प्रतापगढ़ जिले में दो गुटों के बीच झड़प में घायल एक अधिवक्ता की मौत के बाद उनका शव सड़क पर रखकर जाम लगाने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को उसके परिजनों और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 27 अक्टूबर को कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बरई गांव के दर्जियान टोले में दो गुटों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें अधिवक्ता आशिक अली घायल हो गए थे।
उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को रायबरेली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान अली की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद जब अली का शव घर लाया गया, तो उनके परिजनों और अन्य लोगों ने न्याय की मांग करते हुए शव कथित तौर पर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
अधिकारी ने बताया कि उपनिरीक्षक राजकुमार की शिकायत पर कुंडा कोतवाली पुलिस ने मृतक अधिवक्ता के परिजनों और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126 (गलत तरीके से रास्ता रोकना), 189 (गैरकानूनी सभा का सदस्य होना) और 270 (सार्वजनिक उपद्रव) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी