बलिया (उप्र), दो नवंबर (भाषा) बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और कई अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक व्यक्ति और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रेवती थाने में अमित सिंह और अन्य लोगों की शिकायत पर गायघाट गांव निवासी परमात्मानंद ओझा और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपियों ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और कई अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। आरोप है कि ये टिप्पणियां उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने, जातिगत आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने और सामाजिक माहौल खराब करने के उद्देश्य से की गई थीं।
बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी