भोपाल, दो नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वह कांग्रेस से जुड़ा है और शराब की एक दुकान का प्रबंधन भी संभालता है, जिसमें उसकी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है। पुलिस ने सोमवार को यह दावा किया।
मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेन्द्र जैन के नेतृत्व में गठित दल के एक अधिकारी ने जायसवाल का एक वीडियो मीडिया के साथ साझा किया, जिसमें कथित मुख्य सरगना जायसवाल पुलिस पूछताछ के दौरान यह कहते सुनाई दे रहा है कि वह फिलहाल खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रभारी के रूप में काम कर रहा है और इससे पहले 2018 से 2024-25 तक जिला युवा कांग्रेस का अध्यक्ष भी रह चुका है।
पुलिस ने इस मामले में राहुल जायसवाल के अलावा केरम सिंह चंगोड़ और विजय राव को भी हिरासत में लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि जायसवाल हरदा जिले के टिमरनी से गुजरात तक शराब की अवैध तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था, जबकि केरम सिंह ने शराब तस्करी के लिए चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कू रावत को ट्रक उपलब्ध कराया था।
उन्होंने बताया कि राव ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वह जायसवाल के शराब तस्करी गिरोह के लिए काम करता था।
पुरी की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि मध्यप्रदेश में अब माफिया सरकार चला रहे हैं, जबकि राज्य सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए इस घटना में कांग्रेस के एक नेता की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया और सवाल उठाया कि कहीं अवैध शराब के कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल विपक्षी दल के प्रदेश कार्यालय का बिजली बिल भरने, पार्टी के धरने-प्रदर्शनों और अन्य खर्चों के लिए तो नहीं किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने संवाददाताओं से कहा था कि जिस शराब की दुकान का इस मामले से संबंध है, उसमें कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और राहुल के भाई मनीष जायसवाल की साझेदारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुकान के प्रबंधक भूपेंद्र राणा ने पुलिस को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।’’
सारंग ने यह दावा भी किया कि राहुल जायसवाल कांग्रेस के खातेगांव विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी है और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का करीबी माना जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि राहुल जायसवाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से हरदा जिले के टिमरनी का निवासी है और जिस शराब की दुकान का प्रबंधन संभालता है, उसमें उसके अलावा इंदौर निवासी मनीष जायसवाल, अहमदाबाद निवासी मोहित जायसवाल और पाटन जायसवाल भी साझेदार हैं।
राहुल जायसवाल के कथित बयान पर कांग्रेस नेताओं की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनसे संपर्क करने के प्रयास भी सफल नहीं हुए।
भाषा ब्रजेन्द्र सिम्मी
सिम्मी