देहरादून, दो नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बाद लापता हुए पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के सात ट्रैकर समेत आठ लोगों की तलाश में जुटे बचाव दलों को सोमवार को तंबू और बैग मिले, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, वन विभाग और सोल सीकर ट्रैकिंग एजेंसी का एक बचाव दल सुबह भोजखड़क से रवाना होकर करीब नौ बजे केदारखड़ग (कच्ची ढांग) पहुंचा और वहां अपराह्न दो बजे तक तलाश अभियान चलाया। केंद्र के अनुसार, इस दौरान बचाव दल को तंबू और बैग मिले, लेकिन लापता आठ लोगों का पता नहीं चल सका।
केंद्र ने बताया कि दोपहर में मौसम खराब होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा और बचाव दल भोजखड़क स्थित आधार शिविर लौट आया।
तलाशी अभियान तेज करने के लिए सोमवार सुबह राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के 10 सदस्यीय पर्वतीय बचाव दल (एमआरटी) को हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के पास पहुंचाया गया। हालांकि, इस विशेष दल को भी लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला। खराब मौसम के कारण उसे भी तलाश अभियान रोकना पड़ा और दल फिलहाल कच्ची ढांग स्थित आधार शिविर में है।
सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े 10 बजे के बीच हेलीकॉप्टरों ने इलाके की पांच बार हवाई टोह ली, लेकिन लापता लोगों का कोई पता नहीं चल पाया।
सात ट्रैकर और छह सहायक कर्मचारियों का एक दल वन विभाग की अनुमति लेकर 27 अक्टूबर को केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। इनमें से एक रसोइया बीच में ही वापस आ गया था, जबकि दल के बाकी सदस्यों की वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी। हालांकि, खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण रास्ता बंद होने से वे गंगोत्री नहीं लौट सके।
अधिकारियों ने बताया कि 30 अक्टूबर को ट्रैकिंग एजेंसी से फोन पर संपर्क कर ट्रैकरों ने बताया था कि वे कच्ची ढांग के पास फंसे हुए हैं और उन्होंने वहां से निकलने के लिए मदद मांगी थी।
इसके बाद ट्रैकिंग एजेंसी ने 30 अक्टूबर को ही ‘पोर्टर’ और ‘गाइड’ का एक दल भेजा, जिसने करीब छह किलोमीटर तक रास्ता साफ किया। इसके अगले दिन यानी 31 अक्टूबर की सुबह जिला प्रशासन ने वन विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य एजेंसियों के दलों को मौके पर रवाना किया।
कच्ची ढांग के आसपास तीन पोर्टर और एक रसोइये समेत चार लोग सुरक्षित मिल गए। हालांकि, हिमस्खलन और बर्फबारी के कारण रास्ता बंद होने से बचाव दल बाकी आठ लोगों तक नहीं पहुंच सके।
लापता ट्रैकरों में से पांच पश्चिम बंगाल तथा दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान तापस बाउरी (30), रतन घोष (23), मनोज खोवास (39), रिंटू मंडल (40), उदय घोष (30), वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका वर्मा (29) के रूप में हुई है। लापता गाइड 25 वर्षीय सिद्धार्थ राणा है, जो उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र के उत्तरों गांव का रहने वाला है।
इस बीच, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि तपोवन गए एक अन्य ट्रैकिंग दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान के रेंज अधिकारी के अनुसार, यह दल तपोवन से वापस भोजवासा लौट रहा है।
भाषा दीप्ति सिम्मी
सिम्मी