नाहन (हिप्र), दो नवंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार व्यक्ति और उसके बेटे की मौत हो गई जबकि उसकी 10 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे उसे दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
उसने बताया कि हादसा तब हुआ जब पीड़ित कांदो भटनोल से शिलाई की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान सोहन सिंह (40) और उनके बेटे शिवांशु ठाकुर (8) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में सोहन सिंह की 10 वर्षीय बेटी अन्वी, घायल हो गई। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय निवासी संतराम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिलने के बाद शिलाई थाने की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से सोहन सिंह और शिवांशु के शव को खाई से निकाला गया। शुरुआत में अन्वी नहीं मिली; लेकिन बाद में चलाए गए खोज अभियान में वह दुर्घटना स्थल से लगभग 500 मीटर दूर मिली।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक ने एन.एस. नेगी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शिलाई के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि अन्वी का इलाज जारी है।
सोहन सिंह शिलाई के एसडीएम कार्यालय में तैनात थे।
भाषा धीरज वैभव
वैभव