नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस की मध्य रेंज ने दिवाली से पहले सदर बाजार, चांदनी चौक और करोल बाग जैसे बाजारों और प्रमुख सड़कों पर नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन पर 433 चालान काटे हैं, जबकि 76 व्यावसायिक वाहनों के परमिट निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली यातायात पुलिस की मध्य रेंज के उपायुक्त (डीसीपी) के. रमेश ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान वाहनों की आवाजाही और लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों, मुख्य सड़कों और परिवहन केंद्रों पर यातायात व्यवस्था कड़ी की गई है।
उन्होंने बताया कि इसके तहत सदर बाजार, करोल बाग और चांदनी चौक के अलावा कश्मीरी गेट आईएसबीटी, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा प्रमुख चौराहों और जाम की आशंका वाले मार्गों पर रोजाना पुलिसकर्मियों की एक अतिरिक्त कंपनी और दिल्ली होम गार्ड के करीब 100 जवान तैनात किए जा रहे हैं।
रमेश ने बताया कि नो-एंट्री के दौरान भारी और व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए 12 विशेष यातायात जांच चौकियां बनाई गई हैं और इन पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 433 वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, दिल्ली में पंजीकृत 10 वाहनों के परमिट निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि दूसरे राज्यों में पंजीकृत 66 वाहनों के परमिट निलंबित करने की सिफारिश संबंधित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरणों को भेजी गई है।
पुलिस ने प्रमुख बाजारों और जाम की आशंका वाले इलाकों में अतिक्रमण हटाने के लिए भी अभियान चलाए।
बयान के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 27 अभियान चलाए गए, जिनमें 1,974 चालान किए गए। इस दौरान 389 रेहड़ी-पटरियां हटाई गईं, 1,231 वाहनों के पहियों पर क्लैंप लगाए गए, 112 वाहनों को टो करके हटाया गया और रास्तों में बाधा बन रहे 78 सामान जब्त किए गए।
इसमें कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने के अभियान सदर बाजार, करोल बाग बाजार, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, बहादुर शाह जफर मार्ग, बुलेवार्ड रोड, लोथियन रोड, एचसी सेन मार्ग और एसपी मुखर्जी मार्ग सहित विभिन्न इलाकों में चलाए गए।
यातायात पुलिस ने बाजार संघों, व्यापारियों, परिवहन संचालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव