मुंबई, दो नवंबर (भाषा) रेलवे ने सरफराज खान, सिद्धेश लाड और सूर्यांश शेडगे के विकेट जल्दी-जल्दी लेकर रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन सोमवार को मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 247 रन करके मेजबान टीम पर दबाव बनाया।
मुंबई के कप्तान लाड (47) और सरफराज (55) ने चौथे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला था लेकिन रेलवे ने तेजी से तीन विकेट झटककर जोरदार वापसी की।
हिमांशु सांगवान (32 रन देकर तीन विकेट) ने लाड को बोल्ड किया। इसके बाद आदर्श सिंह (60 रन देकर दो विकेट) ने 76वें ओवर में सरफराज को विकेट के पीछे कैच कराया। सरफराज ने 100 गेंद की अपनी पारी में सात चौके मारे।
दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले ऑलराउंडर शेडगे (01) ने मोहम्मद सैफ की गेंद पर भार्गव मेराई को कैच थमा दिया।
दिन का खेल समाप्त होने पर आकाश आनंद 16 और शम्स मुलानी दो रन बनाकर खेल रहे थे।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में आसमान में छाए बादलों के बीच मुंबई की टीम ने सहजता से बल्लेबाजी की।
सलामी बल्लेबाज दिव्यांश सक्सेना ने 96 गेंद में 39 रन बनाए और अंगकृष रघुवंशी (78) के साथ पहले विकेट के लिए 109 रन जोड़े। रघुवंशी ने 122 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे। लंच के बाद सांगवान ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया।
मुशीर खान (चार) आदर्श की गेंद पर विकेट के पीछे स्थानापन्न विकेटकीपर सूरज आहूजा को कैच दे बैठे।
चंडीगढ़ में प्रदोष पॉल के नाबाद 138 रन की मदद से तमिलनाडु ने मेजबान टीम के खिलाफ चार विकेट पर 320 रन बना लिए।
पॉल ने 215 गेंद में 12 चौकों की मदद से नाबाद 138 रन बनाए। उन्हें एन जगदीशन (52) और बाबा इंद्रजीत (51) का अच्छा साथ मिला।
रणजी ट्रॉफी के चौथे दौर के मुकाबले के पहले दिन उत्तराखंड ने हरियाणा को 153 रन पर समेटने के बाद बिना विकेट गंवाए 59 रन बना लिए। उत्तराखंड की टीम पहली पारी में अभी 94 रन पीछे है।
मयंक मिश्रा ने 57 रन देकर छह विकेट झटके जबकि देवेंद्र बोरा ने 34 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच में अपनी टीम की स्थिति मजबूत कर दी।
धर्मशाला में पहले दिन कुल 20 विकेट गिरे और हिमाचल प्रदेश ने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में 75 रन की बढ़त हासिल कर ली।
राजस्थान की टीम पहली पारी में महज 78 रन पर सिमट गई। अभिषेक कुमार ने 14 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि जितेंद्र राणा ने 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में मेजबान हिमाचल प्रदेश की टीम 153 रन पर आउट हो गई और उसे 75 रन की बढ़त मिली। राजस्थान ने दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक बिना विकेट गंवाए आठ रन बना लिए थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द