Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किश्तवाड़ में भारत की 183वीं भूकंप वेधशाला का उद्घाटन किया

जम्मू, दो नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के पर्वतीय क्षेत्र में सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने देश की 183वीं भूकंप वेधशाला का उद्घाटन किया।

इस वेधशाला से राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, भूकंप की निगरानी बेहतर होगी और क्षेत्र में आपदा से निपटने की तैयारियों को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में यह इस तरह की चौथी वेधशाला है।

वेधशाला के उद्घाटन समारोह में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा और किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार भी मौजूद थीं।

मंत्री ने कहा कि यह वेधशाला चौबीस घंटे भूकंपीय गतिविधियों पर निगरानी के जरिये हिमालयी क्षेत्र में भूकंप की निगरानी को मजबूत करेगी, जिससे भारत की भूकंपीय अवलोकन क्षमताएं बढ़ेंगी।

आपदा तैयारियों में सुधार पर प्रकाश डालते हुए, सिंह ने कहा कि 2014 से 2025 के बीच इस क्षेत्र में चार ‘डॉप्लर वेदर रडार’ लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, आने वाले महीनों में चार और रडार लगाए जाएंगे, ताकि किश्तवाड़, डोडा तथा जम्मू-कश्मीर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम की निगरानी को और मजबूत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भूकंप और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है, लेकिन 2014 से पहले यहां एक भी ‘डॉप्लर वेदर रडार’ नहीं था।

सिंह ने कहा, ‘‘मैं चाहूंगा कि मीडिया इस बात को उजागर करे। इस क्षेत्र के प्रति बहुत उदासीनता और उपेक्षा बरती गई, लेकिन हमने यह सुनिश्चित किया कि जहां भी जरूरत हो, वहां सुविधाएं पहुंचाई जाएं।’’

सिंह ने स्वाचालित मौसम केंद्रों के विस्तार का भी जिक्र किया तथा कहा कि पिछले एक दशक में नौ और स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जबकि इससे पहले पुंछ, कठुआ और बनिहाल में केवल तीन स्टेशन थे।

अधिकारियों के अनुसार, किश्तवाड़ एक भ्रंश रेखा (फॉल्ट लाइन) के बीच में स्थित है, और नयी वेधशाला हर तरह के उपायों के लिए सटीक भूकंपीय डेटा प्राप्त करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि यह वेधशाला किश्तवाड़ और आसपास भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में भूकंपीय गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी करने में सहायक होगी।

सिंह ने इससे पहले 21 जून, 2022 को उधमपुर में देश की 153वीं भूकंप संबंधी वेधशाला राष्ट्र को समर्पित की थी।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार वर्षों में देश भर में 30 अतिरिक्त वेधशालाएं स्थापित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस नयी वेधशाला की स्थापना एक सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से सशक्त और आपदा-रोधी भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाषा

नेत्रपाल सुरेश

सुरेश