Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

पंजाब: मादक पदार्थों की बरामदगी से पहले गद्दे के नीचे पैकेट छिपाने वाला एएसआई निलंबित

चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) पंजाब के लुधियाना स्थित खन्ना में शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरि के घर में गद्दे के नीचे मादक पादक का एक पैकेट रखने का वीडियो वायरल होने के बाद एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वीडियो में पुलिसकर्मी को गद्दे के नीचे पैकेट रखते हुए देखा गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी।

गिरि को शनिवार को खन्ना स्थित उनके आवास से मादक पदार्थों की कथित बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

हालांकि, उनके आवास में लगे गुप्त कैमरे से रिकॉर्ड कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें मामले से मुक्त कर दिया।

वीडियो में सादे कपड़ों में एक पुलिसकर्मी कमरे में प्रवेश कर गद्दे के नीचे एक पैकेट रखता हुआ कथित तौर पर दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ।

खन्ना की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दर्पण आहलूवालिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सहायक उपनिरीक्षक सुखदेव सिंह को निलंबित कर दिया।

उन्होंने मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया।

अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि और भ्रष्टाचार के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम करती है।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित की गई है, जो सभी पहलुओं की जांच करेगी।

दर्पण ने जोर देकर कहा, “मैं सभी नागरिकों को स्पष्ट करना चाहती हूं कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ में पंजाब पुलिस की जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है। कानून सभी से ऊपर है, चाहे वह आरोपी हो, नशा तस्कर हो या पुलिसकर्मी।”

कथित सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की एक टीम पैकेट रखे जाने के तुरंत बाद कमरे में प्रवेश करती दिखाई दे रही है, जिसके बाद एक अन्य पुलिसकर्मी उसी जगह से कोई वस्तु बरामद करते हुए नजर आता है, जहां एएसआई ने कथित तौर पर पहले पैकेट रखा था।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश