Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

झारखंड में आदिवासी महिला से दुष्कर्म के आरोप में मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज

गोड्डा/चतरा, दो नवंबर (भाषा) झारखंड के गोड्डा जिले में एक आदिवासी महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में एक निजी मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र की है। आदिवासी महिला के बयान के आधार पर रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

सुंदरपहाड़ी थाने के प्रभारी अधिकारी विधानचंद्र पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य थॉमस सोरेन (32) के खिलाफ 40 वर्षीय महिला रसोइये से दुष्कर्म और उसका यौन शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को सोमवार को चिकित्सकीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।”

उन्होंने बताया कि पीड़िता प्रधानाचार्य के घर में रसोइये के रूप में काम करती थी, जबकि उसका पति स्कूल के बच्चों के लिए खाना बनाता था।

थाना प्रभारी ने कहा, “आरोपी ने करीब चार से पांच महीने तक महिला का यौन शोषण किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई और आरोपी ने उसे गर्भपात की गोलियां दीं। गोलियां खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला को घटना के बारे में किसी को बताने पर उनके बच्चे को स्कूल से निकाल देने और दोनों को नौकरी से भी हटा देने की धमकी दी थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

इस बीच, चतरा जिले में एक अन्य घटना में पुलिस ने अनुसूचित जाति की महिला (35) से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दुष्कर्म पीड़िता के बयान के आधार पर रविवार को लावालौंग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

लावालौंग थाने के प्रभारी ने कहा, ''हमने महिला से दुष्कर्म के आरोप में नीलेश साव (22) और उसके पिता मनोज साव (52) के खिलाफ महिला और उसके परिवार को जातिसूचक गालियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। नीलेश ने कथित तौर पर 24 और 31 अक्टूबर को महिला के घर में उससे दुष्कर्म किया। महिला की चिकित्सकीय जांच कराई गई है।''

महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने नीलेश साव से ब्याज पर 70 हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन वे यह रकम नहीं लौटा सके।

अधिकारी ने बताया कि पति की गैरमौजूदगी में नीलेश कर्ज का ब्याज वसूलने के लिए महिला के घर आने लगा और इस दौरान उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि मामला सामने आने के बाद आरोपी का पिता महिला के घर पहुंचा और कथित तौर पर उसे तथा उसके परिवार के सदस्यों को जातिसूचक गालियां दीं।

पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश