मुंबई, दो नवंबर (भाषा) अभिनेता शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर अनगिनत प्रशंसकों के लिए आधी रात से शुरू हुआ और पूरे दिन खिंचता चला गया लंबा इंतजार आखिरकार अंधेरा घिरने के साथ खत्म हुआ। ठीक उसी समय जब कुछ लोग उम्मीद छोड़ रहे थे, तभी शाहरुख हर साल इस दिन प्रशंसकों को अपनी झलक दिखाने की परंपरा निभाते हुए अपने घर ‘मन्नत’ की बालकनी में दिखाई दिए।
शाहरुख सोमवार को 61 वर्ष के हो गए।
टी-शर्ट और जींस पहने अभिनेता विशेष रूप से बनाए गए एक ऊंचे प्लेटफॉर्म पर दिखाई दिए, उन्होंने प्रशंसकों की सीटियों और शोर के बीच हाथ हिलाया, सिर झुकाकर आभार व्यक्त किया और अपना ‘सिग्नेचर पोज़’ देते हुए दोनों बाहें फैला दीं।
इससे पहले उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ का एक गाना कल आधी रात को जारी किया गया था और ‘मन्नत’ की दीवारों पर नियॉन रोशनी में प्रशंसकों के लिए आभार व्यक्त करता एक हस्तलिखित नोट जगमगा रहा था।
शाहरुख आमतौर पर अपने जन्मदिन पर ठीक आधी रात के बाद प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं। हालांकि, इस साल ऐसा नहीं हुआ।
ऐसा भी नहीं था कि इससे प्रशंसकों के हौसले पस्त हो गए थे। शाहरुख की एक झलक पाने की धुंधली सी उम्मीद लिए कुछ लोग अब भी बांद्रा में इस बंगले के बाहर जमा थे।
कुछ लोग उनकी अगली रिलीज ‘किंग’ के पोस्टर थामे भी नजर आए। शाहरुख इस समय अपने समुद्र के सामने वाले बंगले से दूर रह रहे हैं क्योंकि वहां नवीनीकरण का काम चल रहा है, इसलिए वह कहीं दिखाई नहीं दे रहे थे।
बॉलीवुड में इस समय सुरक्षा संबंधी खतरे ने भी अपनी छाया डाली है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की हालिया घटना के बाद, अभिनेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनकी टीमें अतिरिक्त सतर्क हो गई हैं। अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर नियमित ‘रविवार दर्शन’ के लिए सामने आए, लेकिन वह बुलेटप्रूफ कांच के घेरे में थे।
मन्नत और उसके आसपास भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। बंगले से करीब 500 मीटर की दूरी पर बैरिकेड लगा दिए गए थे और पुलिस कर्मी इलाके में आने-जाने वालों की जांच कर रहे थे।
मन्नत पहुंचने वालों के लिए एक हस्तलिखित नोट प्रदर्शित किया गया था, जिस पर लिखा था, ‘‘आप सभी की शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद। मैं भी आप सभी को अपना प्यार वापस भेज रहा हूं। बहुत सारा प्यार और एक बड़ी सी झप्पी।’’
उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ का एक विशाल पोस्टर भी प्रदर्शित किया गया था, जो 24 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।
ऐसी खबरें थीं कि शाहरुख ने रविवार रात को अपने घर के पास एक पांच सितारा होटल में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। और कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि वह लंदन में हो सकते हैं। लेकिन कोई भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हो पा रहा था।
फिल्म जगत के कई लोगों ने शाहरुख को बधाई दी।
अभिनेता अजय देवगन ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ अपने युवा दिनों की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘पिक्चर पुरानी है और दोस्त भी…, हैप्पी बर्थडे शाहरुख!’’
शाहरुख को जन्मदिन पर बधाई देते हुए करीना ने लिखा, ‘‘हैप्पी बर्थडे किंग। इस साम्राज्य के हमेशा रहने वाले शासक। चलो साथ में डांस करते हैं... अब और इंतजार नहीं हो रहा। 24-12-26।’’
शाहरुख अगली बार सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित “किंग” में दिखाई देंगे, जिन्होंने इससे पहले 2023 में ‘पठान’ में उनके साथ काम किया था।
भाषा वैभव नरेश
नरेश