Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

कार्ल बुश्बी 28 साल में दुनियाभर की 50 हजार किमी की यात्रा करके लौटे

हल (ब्रिटेन), दो नवंबर (एपी) कार्ल बुश्बी ने पिछले 28 साल में दुनिया भर के अनेक देशों में 50,000 किलोमीटर पैदल यात्रा पूरी की है और सोमवार को उत्तरी इंग्लैंड में अपनी मां के घर लौटे।

बुश्बी ने हल, इंग्लैंड में स्थित अपनी मां एंजेला के घर के बाहर उन्हें भावुक होकर गले लगाया। इसी घर को छोड़कर वह साल 1998 में निकले थे।

उनके घर के बाहर पत्रकारों, एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म क्रू और लोगों की भारी भीड़ जमा थी, जहां एक बैनर पर लिखा था, “वेलकम होम सन” (घर वापसी पर स्वागत है बेटा)।

बुश्बी जब इस घर से पैदल चलकर ऑक्सफोर्ड के पास एक रॉयल एयर फोर्स बेस पहुंचे और वहां से दक्षिण अमेरिका के लिए उड़ान भरी, तब वह 29 साल के एक पूर्व-पैराट्रूपर थे।

आज जब वह लौटे, तो उनकी उम्र 57 वर्ष हो चुकी है। वह अब पहले से अधिक शांत हैं, उनके बाल सफेद हो गए हैं तथा दुनिया की बहुत गहरी समझ रखते हैं।

बुश्बी ने कहा, “लोग कहते हैं कि एक बच्चे की परवरिश में पूरा गांव लग जाता है, लेकिन मुझे यहां तक पहुंचाने में सचमुच पूरी दुनिया लग गई। अजनबियों की दयालुता—एक-एक व्यक्ति से लेकर देशों की सरकारों ने आज मेरी वापसी मुमकिन बनाई है। मैंने यह अकेले नहीं किया। इसके पीछे एक बहुत बड़ी टीम थी। सबसे बड़ी टीम—पृथ्वी।”

बुश्बी ने एक नवंबर 1998 को पुंटा एरेनास, चिली से अपनी यात्रा शुरू की थी। घर पहुंचने से पहले उन्होंने चार महाद्वीपों और 30 देशों में 50,000 किलोमीटर की पैदल दूरी तय की है। उन्होंने बेरिंग जलडमरूमध्य की तैरती बर्फ के बीच से रास्ता बनाया और कैस्पियन सागर व इंग्लिश चैनल को तैरकर पार किया।

बुश्बी के इस विचार की शुरुआत उनके पिता से मिले एक जन्मदिन कार्ड से हुई थी।

सैनिक रहे उनके पिता ने कार्ड में अपने साथी विशेष बलों के जवानों के बीच हुई एक बहस का ज़िक्र किया था। बहस इस बात पर थी कि क्या लंदन से न्यूयॉर्क तक बेरिंग लैंड ब्रिज के रास्ते पैदल जाना संभव है।

बुश्बी ने शुरू में हिसाब लगाया था कि यह दूरी लगभग पांच साल में तय की जा सकती है, लेकिन वह जानते थे कि यह व्यावहारिक नहीं था।

उन्हें पनामा में एक प्रतिबंधित सीमा क्षेत्र को पार करने के आरोप में 18 दिन के लिए जेल में भी डाल दिया गया था।

साल 2006 में अमेरिकी यात्री दिमित्री कीफर के साथ 90 किलोमीटर लंबे बेरिंग जलडमरूमध्य को पार करने के दौरान, उन्हें हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया था। इसके बाद उन्होंने फिर से शुरुआत की, जहां उनका सामना एक ध्रुवीय भालू से हुआ, वह ठंडे पानी में डूबने से बाल-बाल बचे और एक समय तो वह अपना सारा सामान खोने की कगार पर पहुंच गए थे।

उनकी इस यात्रा में ऐसी अनेक मुश्किलें आईं।

बुश्बी अब अपने परिवार से मिलने की योजना बना रहे हैं, जिसमें उनका बेटा एडम भी शामिल है। उम्मीद है कि वह पहली बार अपनी 12 वर्षीय पोती से भी मिलेंगे।

एपी वैभव नरेश

नरेश