लुइसविली(अमेरिका), दो नवंबर (एपी) अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएस-एफडीए) द्वारा एचआईवी से बचाव के लिए भारत निर्मित इंजेक्शन को मान्यता दिये जाने से 120 कम और मध्यम आय वाले देशों को कम कीमत पर और जल्द इस जानलेवा बीमारी की दवा उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
भारत द्वारा तैयार इंजेक्शन के जेनेरिक संस्करण को साल में दो बार लेने की जरूरत होगी।
यूएस-एफडीए से मंजूरी मिलने की घोषणा दवा बनाने वाली कंपनी और ‘लेनाकापाविर’ नामक इस दवा के विकास कार्य को तेल करने में मदद करने वाले संगठनों ने सोमवार सुबह की।
इस जेनेरिक दवा को भारत की डॉ. रेड्डीज़ लैबोरेटरीज ने विकसित किया है। इसे युनिटएड, क्लिंटन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव और अफ्रीका के स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान ‘विट्स आरएचआई’के बीच हुए एक समझौते के तहत तैयार किया गया है। इन साझेदारों का उद्देश्य दवा के विकास में तेज़ी लाना और इसे किफायती दर पर उपलब्ध कराना है।
जिन देशों में यह इंजेक्शन उपलब्ध होगी, वहां प्रति व्यक्ति इसका सालाना खर्च 40 अमेरिकी डॉलर होने की उम्मीद है। यह कीमत उतनी ही है, जितनी कि रोज ली जाने वाली गोलियों पर आती है। लेकिन, गोलियों की तुलना में ये इंजेक्शन कहीं ज़्यादा सुविधाजनक हैं, क्योंकि इन्हें बहुत कम बार लेने की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा, ज़्यादा जोखिम वाले लोगों पर किए गए दो अहम अध्ययनों में देखा गया कि इन इंजेक्शन ने नए संक्रमणों को लगभग पूरी तरह से खत्म कर दिया।
यूनिटएड में एचआईवी मामलों की प्रमुख कारमेन पेरेज कासास ने कहा कि लोग हमेशा अपनी रोजाना की दवा नहीं लेते हैं, और ‘‘अगर आप इसे नहीं लेते हैं, तो आप एचआईवी से सुरक्षित नहीं रह सकते।’’यूनिटएड’ एक ऐसी संस्था है जो अनुदान देती है।
कासास ने कहा, ‘‘लेनाकापाविर को लेकर हमें बहुत उम्मीदे हैं।’’
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ)के मुताबिक पिछले साल दुनिया भर में 4.1 करोड़ एचआईवी से संक्रमित थे और 570,000 लोगों की इससे मौत हुई।
भाषा धीरज माधव
माधव