Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

उत्तराखंड:कांग्रेस चार नवंबर को शुरू करेगी 'भूमि बचाओ-धामी हटाओ' अभियान

देहरादून, दो नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को घोषणा की कि वह उत्तराखंड में जमीन के सौदों में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए चार नवंबर को पूरे राज्य में 'भूमि बचाओ- धामी हटाओ' नामक अभियान शुरू करेगी।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने सोमवार को बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा सरकारी जमीन की बंदरबांट का विरोध करना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए राज्य स्तर के वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया है तथा यह अभियान राज्य के विभिन्न ज़िलों और प्रमुख शहरों में चार नवंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा।

इस अभियान का नेतृत्व नैनीताल जिले में विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य, अल्मोड़ा में विधायक मनोज तिवारी, रानीखेत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, हल्द्वानी में विधायक तिलकराज बेहड़ और विधायक सुमित हृदयेश, भीमताल में विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, देहरादून-ऋषिकेश में हरक सिंह रावत और हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अन्य विधायकों के साथ करेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नयी दिल्ली स्थित आवास पर सोमवार को चुनाव की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक हुई जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

इस बैठक में उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत एवं कई अन्य नेताओं ने भी हिस्सा लिया ।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार