अमरावती, दो नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात मुरासु के मद्देनजर सोमवार को अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। मुरासु के प्रभाव से राज्य के दक्षिणी तटीय आंध्र और रायलसीमा जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।
एक समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात मुरासु का राज्य के तट पर सीमित प्रभाव पड़ने की संभावना है, क्योंकि मौसम के पूर्वानुमानों के अनुसार, इसकी हवा की गति और बारिश की तीव्रता चक्रवात अर्नब की तुलना में कम रहने की उम्मीद है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नायडू ने प्रशासन को दक्षिणी तटीय आंध्र और रायलसीमा जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने चक्रवात अर्नब से निपटने के लिए श्रीकाकुलम से बापटला तक की गई एहतियाती व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को चक्रवात मुरासु के प्रभाव से निपटने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने को कहा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि नायडू ने जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए ठोस उपाय करने पर बल दिया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पलनाडु जिले में सबसे अधिक करीब 30 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद प्रकाशम में 24 सेंटीमीटर, मार्कापुरम में 19 सेंटीमीटर तथा कृष्णा, गुंटूर, एलुरु और नेल्लोर जिलों में नौ सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।
नायडू ने जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बारिश की कमी का सामना कर रहे गुंटूर, बापटला, पलनाडु, प्रकाशम, नेल्लोर और मार्कापुरम जिलों में तालाबों और जलाशयों को भरने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चक्रवात के कारण होने वाली बारिश के पानी का प्रभावी जल प्रबंधन के जरिए तालाबों और जलाशयों को भरने में उपयोग करने को भी कहा।
उन्होंने दक्षिणी तटीय और रायलसीमा के नदी बेसिनों में स्थित जलाशयों में पानी जमा करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों से चक्रवात मुरासु से प्रभावित होने की आशंका वाले छह जिलों में 6,800 तालाबों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि श्रीकाकुलम से कृष्णा जिले तक 31 हजार बिजली के खंभे कार्यस्थलों पर भेजे जा चुके हैं।
उनके अनुमान के अनुसार, दक्षिणी तटीय आंध्र और रायलसीमा जिलों में चक्रवात मुरासु से चलने वाली हवाओं के कारण करीब आठ हजार बिजली के खंभे प्रभावित हो सकते हैं।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के काम में सहायता के लिए चेन्नई से एक हजार कर्मचारी पहुंच रहे हैं।
नायडू ने अधिकारियों को चक्रवात के बाद बहाली का काम 48 घंटे के भीतर पूरा करने तथा फसल बीमा मुआवजे और इनपुट सब्सिडी देने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश