चेन्नई, दो नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को राज्य में जेलों की सुरक्षा की समीक्षा करने और इस संबंध में सुझाव देने के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति गठित करने का आदेश दिया।
सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अक्टूबर को थेनी जिले की थेक्कमपट्टी उप-जेल से 17 कैदियों के फरार होने के बाद, मुख्यमंत्री ने राज्य भर की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इसमें कहा गया है कि समीक्षा के दौरान मिली जानकारी के आधार पर, उन्होंने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जे.के. त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति गठित करने का आदेश दिया है।
यह समिति उन सुरक्षा खामियों की विस्तृत जांच करेगी, जिनकी वजह से हाल ही में कैदियों के फरार होने की घटनाएं सामने आई हैं।
समिति देश-विदेश में अपनाए जा रहे सर्वोत्तम तरीकों और उपायों के आधार पर, जेलों की सुरक्षा को मजबूत करने और भविष्य में जेल से कैदियों के भागने की घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश