Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे शीशम के 40,000 पौधे लगाए: पीपल बाबा

(माणिक गुप्ता)

नैनीताल, दो नवंबर (भाषा) नए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जहां सभी का ध्यान अच्छी सड़कों और सुगम यातायात पर केंद्रित है, वहीं पर्यावरणविद ‘पीपल बाबा’ इस मार्ग पर एक हरित गलियारा बनाने के अभियान में चुपचाप जुटे हुए हैं। उनका दावा है कि वे अब तक एक्सप्रेसवे के किनारे शीशम के 40,000 पौधे लगा चुके हैं और अगले साल चार लाख और पौधे रोपने की योजना है।

अपने साथ बीज, पौधे और फावड़ा लेकर चलने वाले और ‘पीपल बाबा’ के नाम से लोकप्रिय स्वामी प्रेम परिवर्तन ने कहा कि वह शांत रहकर काम करना पसंद करते हैं और बंजर भूमि को हरे-भरे इलाकों में बदलने के लिए अक्सर रात में काम करते हैं।

पेड़ों की कटाई का विरोध करने वालों से अलग, उनका मानना है कि पर्यावरण के नुकसान की भरपाई केवल पौधे लगाकर की जा सकती है। अपने इस अभियान के तहत वह और उनके चार लाख से अधिक स्वयंसेवकों की टीम 21 राज्यों के 226 जिलों में 2.6 करोड़ से अधिक पौधे लगा चुकी हैं और उनका संरक्षण किया है।

शनिवार को संपन्न हुए 'हिमालयन ईकोज फेस्टिवल' के 11वें संस्करण में पीपल बाबा (61) ने कहा, 'हर कोई देहरादून आने वाली नयी सड़कों की बात कर रहा है। आपको नहीं पता, लेकिन मैं पहले ही 40,000 पौधे लगा चुका हूं। बहुत जल्द आप इनकी घनी छाया में बैठ सकेंगे।'

राजमार्ग के किनारे पौधारोपण की अनुमति मांगने के अपने अनुभवों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने उनसे कहा था कि वे औपचारिक रूप से अनुमति नहीं दे सकते, लेकिन वे उनके काम करने के तरीके से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

उन्होंने एक अधिकारी के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, 'मैं उनके पास गया था। उन्होंने कहा कि आधिकारिक तौर पर हम आपको अनुमति नहीं दे सकते, लेकिन हम आपके काम करने की शैली जानते हैं, इसलिए आपसे बात करने का कोई फायदा नहीं है। चाय पीजिए और जाइए। अगर कोई समस्या हो, तो यह मेरा फोन नंबर है।’’

उन्होंने बताया कि आगामी फरवरी में देहरादून राजमार्ग के किनारे लगभग चार लाख और पौधे लगाने की योजना है।

पीपल बाबा ने कहा कि वह विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने के बजाय पौधारोपण अभियानों को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि कैसे वह और उनकी टीम अक्सर रात भर काम करके हरित क्षेत्रों का निर्माण करती है।

'घोस्ट्स ऑन पीपल ट्रीज: माई जर्नी फ्रॉम फोकटेल टू फॉरेस्ट्स' पुस्तक के लेखक पीपल बाबा ने कहा, 'मैं विरोध प्रदर्शन नहीं करता क्योंकि मैं तैयारियों में व्यस्त रहता हूं। मैं अपने बीज खरीदता हूं, पौधे खरीदता हूं, परिवहन की व्यवस्था करता हूं और रात 10:30 बजे हम खुदाई शुरू करते हैं। सुबह चार बजे तक हमारा काम पूरा हो जाता है।'

उन्होंने कहा कि सुबह जब अधिकारियों की नजर इन नए पौधों पर पड़ती है, तो वे हैरान रह जाते हैं कि यह काम किसने किया।

पीपल बाबा ने कहा, ‘‘सुबह जब अधिकारी उठते हैं तो कहते हैं कि यह सब किसने किया? वे हमसे फोन करके पूछते हैं कि आपने ऐसा क्यों किया, तो हम कहते हैं कि आप चाहें तो इन्हें उखाड़ लीजिए।’’

अपने काम के तरीके पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का काम धैर्यपूर्वक और बिना किसी टकराव के किया जाना चाहिए।

भाषा सुमित संतोष

संतोष