Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

युवा ओलंपिक: जूडो में खुशबू का पदक पक्का, धिनिधि भी तैराकी के फाइनल में पहुंची

डकार (सेनेगल) दो नवंबर (भाषा) खुशबू राजकभाई दरजादा ने सोमवार को युवा ओलंपिक खेलों के जूडो फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनकर महिला 63 किग्रा वर्ग में भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।

खुशबू के सामने फाइनल में जर्मनी की कैडेट विश्व चैंपियन जोलिना रेनहोल्ड की चुनौती होगी।

गुजरात की 15 वर्षीय खुशबू अगर फाइनल में जीत हासिल करती हैं तो वह युवा ओलंपिक में जूडो का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी।

इससे पहले थांगजाम तबाबी देवी ने युवा ओलंपिक में भारत के लिए जूडो का एकमात्र पदक अपने नाम किया है। उन्होंने 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित युवा ओलंपिक में महिला 44 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया था।

भारत के लिए युवा ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में 2018 में निशानेबाज मनु भाकर (महिला 10 मीटर एयर पिस्टल), सौरभ चौधरी (पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल) और भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा (पुरुष 62 किग्रा) स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

खुशबू ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गिनी की मामइस्सता कैमारा को ‘युको’ के जरिए 1-0 से शिकस्त दी।

जूडो में ‘युको’ एक प्रभावी तकनीक के इस्तेमाल पर दिया जाने वाला कम अंक होता है।

उन्होंने इसके बाद क्वार्टर फाइनल में मोरक्को की अबीर बुआज्जाउई को ‘इप्पोन’ के जरिए हराया। ‘इप्पोन’ जूडो में मिलने वाला सर्वोच्च स्कोर है, जिससे मुकाबला तुरंत समाप्त हो जाता है। इसे प्रतिद्वंद्वी को प्रभावी तरीके से गिराकर मजबूत पकड़ बनाकर हासिल किया जा सकता है।

सेमीफाइनल में खुशबू ने अल्जीरिया की दुनिया बेराहुआल को भी ‘इप्पोन’ से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

इस मुकाबले में उनकी प्रतिद्वंद्वी को ‘हांसोकु-माके’ दंड दिया गया। यह जूडो में सबसे गंभीर दंड है, जिसके तहत नियमों के उल्लंघन पर खिलाड़ी को तत्काल अयोग्य घोषित कर दिया जाता है और विरोधी को ‘इप्पोन’ के आधार पर विजेता माना जाता है।

इससे पहले भारतीय तैराक धिनिधि देसिंघु युवा ओलंपिक की महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला तैराक बन गयी।

बेंगलुरु की 16 वर्षीय धिनिधि ने अपनी हीट में 56.80 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने सभी प्रतियोगियों में तीसरे सबसे तेज तैराक के रूप में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उनसे आगे क्रोएशिया की एना बोबानोविच (56.22 सेकंड) और न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन (56.53 सेकंड) रहीं।

युवा ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली धिनिधि तीसरी भारतीय तैराक हैं। उनसे पहले 2018 में दो बार ओलंपिक में हिस्सा ले चुके श्रीहरि नटराज और मौजूदा सत्र में तीर्थंक पेगू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

धिनिधि 2024 पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल की सबसे युवा सदस्य थीं।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर