नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) अपना दूसरा रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहे बाएं हाथ के युवा स्पिनर अमन चौधरी ने चार विकेट चटकाए जिससे दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी के चौथे दौर के करो या मरो के मुकाबले के पहले दिन सोमवार को सेना को 266 रन पर समेट दिया।
सेना के कप्तान रजत पालीवाल (नाबाद 110) ने हालांकि नाबाद शतक लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
पालम एयरफोर्स मैदान की पिच पर तेज और स्पिन दोनों तरह के गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। अमन (79 रन देकर चार विकेट), अनुभवी तेज गेंदबाज नवदीप सैनी (61 रन देकर तीन विकेट) और ऑफ स्पिनर ऋतिक शौकीन (61 रन देकर दो विकेट) ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए सेना को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।
चौंतीस वर्षीय पालीवाल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 21वां शतक जड़कर एक छोर संभाले रखा।
इक्कीस वर्षीय अमन ने सैनी के साथ नयी गेंद साझा की और सटीक लाइन एवं लेंथ पर गेंदबाजी की।
पालीवाल ने 196 गेंद की अपनी पारी में 10 चौकों की मदद से नाबाद 111 रन बनाए। उन्होंने दिल्ली के पूर्व स्पिनर पुलकित नारंग (30) के साथ नौवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी करके सेना को पहली पारी में 250 रन के पार पहुंचाया।
सेना की पारी 88 ओवर तक चली। दिन की आखिरी गेंद पर अमन ने वीरेंद्र डागर को आउट करके पारी का अंत किया।
सैनी ने नयी गेंद का शानदार इस्तेमाल किया। उन्होंने शुभम रोहिल्ला को यश धुल के हाथों स्लिप में कैच कराया और फिर रवि चौहान ने उनकी गेंद पर विकेटकीपर अनुज रावत को कैच थमा दिया।
ऋतिक ने विनीत धनखड़ (04) को कप्तान आयुष बडोनी के हाथों कैच कराया।
दिल्ली विश्वविद्यालय में अंग्रेजी साहित्य के छात्र और रंगना हेराथ के बड़े प्रशंसक अमन ने इसके बाद अपना प्रभाव छोड़ा।
सलामी बल्लेबाज नितिन तंवर (55 गेंद में 22 रन) अमन का पहला शिकार बने। अनुज रावत ने उनका शानदार कैच लपका।
सेना का स्कोर 44 रन पर चार विकेट हो गया था। इसके बाद भारत ए के पूर्व बल्लेबाज पालीवाल को दिल्ली के पूर्व विकेटकीपर मोहित अहलावत (33) का साथ मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन जोड़े।
अमन ने अहलावत को स्टंप कराके इस साझेदारी को तोड़ा।
एक छोर पर पालीवाल टिके रहे लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। पालीवाल और नारंग ने नौवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की।
दिन का खेल समाप्त होने के बाद अमन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने दिल्ली प्रीमियर लीग में भी नयी सफेद गेंद से गेंदबाजी की है इसलिए यह मेरे लिए नया नहीं है। मैंने रंगना हेराथ को करीब से देखा है। उन्होंने टेस्ट और टी20 दोनों प्रारूपों में इसी तरह की गेंदबाजी करके सफलता हासिल की है।’’
कोलकाता में मोहम्मद शमी (छह रन पर दो विकेट) ने भारतीय टीम से बाहर चल रहे पृथ्वी साव सहित दो बल्लेबाजों को जल्दी आउट करके महाराष्ट्र का स्कोर दो विकेट पर 21 रन किया। बंगाल की टीम इससे पहले 143 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरे महाराष्ट्र के तेज गेंदबाजों प्रदीप दाधे (45 रन पर तीन विकेट), राजवर्धन हंगरगेकर (42 रन पर दो विकेट) और तनय संघवी (42 रन पर तीन विकेट) ने ईडन गार्डन्स पर गेंदबाजी के अनुकूल हालात का पूरा फायदा उठाया। बंगाल की टीम एक समय 72 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी।
ऐसा लग रहा था कि बंगाल की टीम 100 रन के भीतर सिमट जाएगी लेकिन अभिषेक पोरेल (54) और प्रदीप्त प्रमाणिक (31) ने आठवें विकेट के लिए 66 रन जोड़कर स्कोर को 150 रन के करीब पहुंचाया।
अहमदाबाद में सलामी बल्लेबाज आर्य देसाई ने 132 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 95 रन बनाए जिससे गुजरात ने केरल के खिलाफ पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 300 रन बना लिए।
विशाल जायसवाल (नाबाद 50) और चेन्नई सुपरकिंग्स के बल्लेबाज उर्विल पटेल (नाबाद 63) ने छठे विकेट के लिए 111 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भुवनेश्वर में ग्रुप सी के एक अन्य मुकाबले में तेज गेंदबाज राजेश मोहंती (15 रन पर दो विकेट) ने दो विकेट झटककर ओडिशा को झारखंड पर शुरुआती बढ़त दिलाई। बारिश के कारण खेल रोके जाने तक झारखंड ने 25 ओवर में 37 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द