नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को यहां खेलों में महिलाओं की स्थिति, सुरक्षा और भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय परामर्श बैठक आयोजित की जाएगी।
विज्ञान भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में महिला खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा के साथ उनके कल्याण और खेलों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उपाय तलाशे जाएंगे।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि ‘खेल शक्ति : राष्ट्रीय महिला खेल परामर्श’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर मौजूद रहेंगी।
आयोग के अनुसार, ‘‘ इस बैठक का उद्देश्य खेल जगत से जुड़े प्रमुख पक्षों को एक मंच पर लाकर महिला खिलाड़ियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श करना और उनकी सुरक्षा, कल्याण, भागीदारी तथा पेशेवर विकास के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उपाय तलाशना है।’’
कार्यक्रम में विभिन्न खेलों की खिलाड़ी, ओलंपियन, खेल प्रशासक, कोच, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि, भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के अधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से तीन विषयों पर चर्चा होगी। इनमें जमीनी स्तर पर खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और खेल सुविधाओं को मजबूत करना, खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल तैयार करना तथा खेलों में समानता, करियर की निरंतरता और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देना शामिल है।
एनसीडब्ल्यू ने कहा, ‘‘ खेलों में लगातार भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक ऐसे सहायक माहौल की जरूरत होती है जो खेल के मौकों के अलावा अन्य चुनौतियों का भी समाधान करे। इनमें पोषण, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, सम्मान, मानसिक स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, पारिश्रमिक, मातृत्व सुरक्षा और खेल प्रशासन में प्रतिनिधित्व जैसे पहलू शामिल हैं।’’
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर