मुंबई, दो नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने सोमवार को देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि महानायक अमिताभ बच्चन को 'गैंगस्टर के डर' के कारण बुलेटप्रूफ कांच के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बच्चन ने रविवार को एक सुरक्षात्मक बुलेटप्रूफ कांच के पीछे से अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया था। यह घटना अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में हुई गोलीबारी के दो सप्ताह बाद सामने आई है। इस गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है।
'नमो बॉलीवुड जीवन सुरक्षा योजना' की मांग करते हुए सावंत ने तंज कसा कि प्रत्येक बॉलीवुड अभिनेता को बिल्ला नंबर 786 आवंटित किया जाना चाहिए, जैसा कि बच्चन की एक पुरानी फिल्म में दिखाया गया था।
उन्होंने सवाल उठाया, ‘‘यह विडंबना ही है कि जो अभिनेता कभी 'एंग्री यंग मैन' के रूप में जाना जाता था, वह अब गैंगस्टर के डर के साए में जीने को मजबूर है। क्या यह तस्वीर देश की वास्तविक स्थिति को दर्शाती है?’’
सावंत ने तंज कसते हुए कहा कि बच्चन, जिन्होंने पहले पेट्रोल की कीमतों और रुपये के मूल्य में गिरावट को लेकर ट्वीट किए थे, उन्हें अब ‘मोदी है तो मुमकिन है’ और ‘देश सुरक्षित हाथों में है’ जैसे संदेश पोस्ट करने चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए सावंत ने बच्चन की मशहूर फिल्म 'शोले' के लोकप्रिय संवाद का जिक्र किया: ‘गब्बर के खौफ से तुम्हें सिर्फ एक ही आदमी बचा सकता है, खुद गब्बर।’
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘भाजपा के खौफ से आपको सिर्फ एक ही पार्टी बचा सकती है, खुद भाजपा।’’
सावंत ने यह भी आरोप लगाया कि जिस गैंगस्टर के खौफ की वजह से बच्चन को बुलेटप्रूफ कांच के पीछे जाने के लिए मजबूर होना पड़ा, वह साबरमती जेल में मजे से दिन काट रहा है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश