(फाइल फोटो के साथ)
पटना, दो नवंबर (भाषा) जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने हाल में एक रियलिटी शो में शामिल होने के बाद अपनी लोकप्रियता बढ़ने और सार्वजनिक स्थानों पर उनके आसपास प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटने का हवाला देते हुए केंद्र और बिहार सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग दोहराई है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ तस्वीरें खिंचवाने के लिए प्रशंसकों की बड़ी भीड़ अक्सर उन्हें घेर लेती है। इससे उनकी सुरक्षा के साथ-साथ उनके साथ तैनात एकमात्र सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह गंभीर चिंता का विषय है कि राज्य सरकार ने फिलहाल मुझे केवल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया है।’’
उन्होंने आशंका जताई कि भीड़ के दबाव में सुरक्षाकर्मी भी असहाय हो सकता है या उसके सरकारी हथियार छीने जाने का खतरा पैदा हो सकता है।
तेज प्रताप ने कहा कि उन्होंने अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताओं से केंद्र और बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया है, पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए लिखित आवेदन भी दिए हैं, लेकिन अब तक उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कोई आवश्यक बढ़ोतरी नहीं की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक बार फिर केंद्र और बिहार सरकार से आग्रह करता हूं कि मेरी बढ़ती लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा से जुड़े गंभीर खतरों को देखते हुए इस मामले का तत्काल संज्ञान लें।’’
तेज प्रताप ने सवाल किया, ‘‘यदि मेरे या मेरे सुरक्षाकर्मियों के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है?’’
उन्होंने अधिकारियों से बिना किसी देरी के पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी विशेष सुविधा या विशेषाधिकार के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराने की है।
तेज प्रताप को उनके पिता और राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने पिछले साल 25 मई को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। यह कार्रवाई तेज प्रताप द्वारा एक महिला के साथ प्रेम संबंध में होने की बात कथित तौर पर स्वीकार किए जाने के एक दिन बाद की गई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने फेसबुक से संबंधित पोस्ट हटाते हुए दावा किया था कि उनका पेज हैक कर लिया गया था।
लालू प्रसाद ने तेज प्रताप के ''गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार'' का हवाला देते हुए उनसे संबंध तोड़ने की भी घोषणा की थी। इसके बाद तेज प्रताप ने अपनी अलग पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) का गठन किया था।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार