Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

उत्तराखंड में भाजपा की 'दोहरे इंजन' वाली सरकार ने जनता को 'धोखा' दिया : कांग्रेस

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा की “डबल-इंजन” सरकार ने लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को “धोखा” दिया है। विपक्षी पार्टी ने वादा किया कि अगर वह सत्ता में आती है तो एक जवाबदेह शासन देगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए उत्तराखंड के नेताओं के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह बात कही। राज्य में अगले साल की शुरुआत में चुनाव प्रस्तावित हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर हुई इस बैठक में खरगे के अलावा पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, संगठन के प्रभारी कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, उत्तराखंड के लिए एआईसीसी महासचिव कुमारी सैलजा और उत्तराखंड कांग्रेस प्रमुख गणेश गोदियाल समेत कई अन्य नेता शामिल हुए।

बाद में, ‘एक्स’ ने हिंदी में एक पोस्ट में खरगे ने कहा, “उत्तराखंड में भाजपा की डबल इंजन सरकार के दस वर्षों ने प्रदेश की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को छलने का काम किया है।”

उन्होंने दावा किया, “ध्वस्त कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल, सत्ता का अहंकार और जवाबदेही से लगातार पल्ला झाड़ने की प्रवृत्ति ने प्रदेश की जनता को निराश किया है।”

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अब जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और बदलाव चाहते हैं।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर विधानसभा तक, लोगों के अधिकारों और हक के लिए पूरी ताकत से लड़ रही है।

खरगे ने कहा, “हमारा संकल्प है कि जनता का विश्वास जीतकर देवभूमि उत्तराखंड को एक सुरक्षित, संवेदनशील और जवाबदेह सरकार दें, जो जनहित को सर्वोपरि रखे।”

एक पोस्ट में वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं और महिलाओं को “गंभीर अन्याय का सामना करना पड़ रहा है-पेपर लीक होने से लेकर अंकिता भंडारी मामले में न्याय का मजाक उड़ाए जाने तक”।

उन्होंने दावा किया, “2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देगी और कांग्रेस को भारी बहुमत दिलाएगी, जिससे इन राज्यों में जनता की सरकार फिर से स्थापित होगी।” उनका इशारा उत्तराखंड और मणिपुर की ओर था, जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

उन्होंने कहा, “कल रामलीला मैदान में जो गुस्सा हमने देखा, वह भाजपा शासित इन राज्यों में मौजूद व्यापक सत्ता-विरोधी भावना की बस एक झलक थी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में “नफरत, लूट, जमीन पर कब्जा और पूरी तरह से कुशासन” भाजपा के “ट्रबल इंजन मॉडल” के प्रतीक हैं।

वेणुगोपाल ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड के मंदिर भी उस ‘चंदा चोरी’ से नहीं बच पाए हैं, जिसमें भाजपा ने अयोध्या और पूरे भारत में महारत हासिल कर ली है।”

उन्होंने कहा, “उत्तराखंड में न केवल पवित्र मंदिरों को, बल्कि विशाल पहाड़ों को भी कॉरपोरेट घरानों को सौंपा जा रहा है - यह सब भाजपा के लालच का नतीजा है, जबकि प्रकृति मां ने इस तरह की अंधाधुंध तबाही के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी भी दी थी।”

उत्तराखंड के लिए एआईसीसी प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया।

सैलजा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में, उत्तराखंड में भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और पलायन सहित हर प्रमुख मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार की विफलताओं और उसकी जन-विरोधी नीतियों से परेशान देवभूमि की जनता ने अब बदलाव का मन बना लिया है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड के लोगों के अधिकारों और सम्मान के लिए पूरी ताकत से लड़ रही है। हमारा संकल्प स्पष्ट है: राज्य को भाजपा की विफल नीतियों से मुक्त करना और जन-कल्याण, विकास तथा जवाबदेही की राजनीति को आगे बढ़ाना।”

सैलजा ने बताया कि बैठक में उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, राज्य में लोगों की समस्याओं और संगठनात्मक मामलों पर सार्थक चर्चा हुई।

बैठक के बाद सैलजा ने पत्रकारों को बताया, “हम पूरी तरह तैयार हैं और हमारे कार्यक्रम अच्छे से चल रहे हैं। चार नवंबर को हम एक बड़ी रैली करेंगे, जिसमें हम भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेंगे—खास तौर पर भूखंडों की बिक्री में।”

उन्होंने कहा, “जहां भी जमीन के घोटाले हुए हैं, हम उनका विवरण सार्वजनिक करेंगे और पूरे राज्य में धरना देंगे। धामी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा है और लोगों की जमीन ‘लूटी’ जा रही है।”

बाद में उत्तराखंड प्रदेश नेतृत्व ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा से भी मुलाकात की।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश