Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

दिल्ली: मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों का प्रदर्शन; आयुक्त का जायज शिकायतों के समाधान का आश्वासन

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प के बाद, दो पुलिस अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को पुलिसकर्मियों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर भारी प्रदर्शन किया। इसके पश्चात दिल्ली पुलिस प्रमुख अनुराग कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज शिकायतों को व्यवस्थित तरीके से हल करने के लिए तुरंत और उचित कदम उठाए जाएंगे।

शाहदरा थाने में हुए टकराव के बाद गांधी नगर उपमंडल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के पद पर तैनात मनस्वी वशिष्ठ का तबादला महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूडब्ल्यूएसी) में और शाहदरा थाने के तत्कालीन एसएचओ अरुण कुमार का तबादला सुरक्षा इकाई में कर दिया गया था।

इसके विरोध में हाथों में तख्ती और पोस्टर लिये प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों ने मांग की कि एसीपी वशिष्ठ और शाहदरा के थाना प्रभारी (एसएचओ) रहे अरुण कुमार को उनके पुराने पद पर बहाल किया जाए।

यह विवाद 23 अक्टूबर को थाने में पुलिस और वकीलों के बीच हुई हाथापाई से शुरू हुआ, जिसमें एक वकील घायल हो गया था। वकीलों के अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान करने के बाद, एसीपी और निरीक्षक का तबादला कर दिया गया था। इसके बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी।

एसीपी वशिष्ठ ने पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन के आह्वान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह प्रदर्शन एक ‘‘स्वाभाविक आह्वान’’ है और वह भी इसमें शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों ने वकीलों पर दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया।

वशिष्ठ ने कहा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुरोध किया था कि वे उन्हें अपनी बात रखने के लिए एक मंच प्रदान करें और इस संबंध में एक औपचारिक आवेदन भी प्रस्तुत किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि वरिष्ठ अधिकारी हमें अपनी बात रखने का अवसर देंगे। हम खुलकर बात करेंगे और इस मामले का समाधान निश्चित रूप से निकलेगा।’’

एसीपी ने कहा, ‘‘हमने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि पुलिस को जिस गुंडागर्दी का सामना करना पड़ रहा है और थानों के अंदर जो सुरक्षा समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। कुछ लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं और वे केवल हमारे ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के दुश्मन हैं।’’

उन्होंने कहा कि यदि थाने ही सुरक्षित नहीं हैं, तो कोई भी स्थान सुरक्षित नहीं हो सकता।

इस बीच पुलिस मुख्यालय में आयोजित 'संपर्क सभा' के दौरान पुलिस आयुक्त कुमार ने विशेष आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनकी शिकायतें एवं चिंताएं सुनीं।

बयान के मुताबिक, दिल्ली पुलिस आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी जायज शिकायतों पर जल्द और उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़े और पुलिस की वर्दी का सम्मान बना रहे।

बयान में कहा गया है कि विभिन्न बार एसोसिएशन और बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के साथ हुई बैठक में पुलिसकर्मियों के आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान सामने आने वाले मुद्दों के समाधान के लिए जिला और पुलिस मुख्यालय स्तर पर उनके प्रतिनिधियों वाली संयुक्त समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।

इसके मुताबिक, सभी जिला और इकाई प्रमुखों को अपने-अपने स्तर पर नियमित रूप से संपर्क सभाएं आयोजित करने, सभी पुलिसकर्मियों से सीधे बातचीत करने और उनकी शिकायतों की तत्काल जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बयान में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से शिकायतों के निपटारे की निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी जायज शिकायत का समाधान लंबित न रहे।

इसमें कहा गया है कि पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों की पेशेवर प्रतिबद्धता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन में पुलिस बल की भूमिका की प्रशंसा की।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश