Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

आंध्र प्रदेश से बाघ भटककर ओडिशा में घुसा, मलकानगिरि में डर का माहौल

मलकानगिरि, दो नवंबर (भाषा) ओडिशा के मलकानगिरि जिले में पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश से आया एक बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर) मोटू इलाके में घूम रहा है जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। वन अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वन अधिकारियों के अनुसार, आंध्र प्रदेश के वन विभाग के अधिकारियों ने सबसे पहले घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि चार साल का यह बाघ पापिकोंडालू क्षेत्र से ओडिशा में दाखिल हुआ है।

मलकानगिरि के मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) साई किरण डीएन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘बाघ के गले में ‘रेडियो कॉलर’ लगाया गया है और उपग्रह तथा बहुत उच्च आवृत्ति (वीएचएफ) वाली ‘ट्रैकिंग प्रणाली’ के जरिए उस पर नजर रखी जा रही है। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे बाघ को नुकसान न पहुंचाएं और प्रशासन का सहयोग करें।’’

उन्होंने बताया कि मलकानगिरि वन मंडल ने निगरानी बढ़ा दी है और आंध्र प्रदेश-ओडिशा सीमा पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। डीएफओ ने कहा कि वन अधिकारी बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और अपने गांवों में ही रहने की चेतावनी दी जा रही है।

इलाके में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) की कई टीम तैनात की गई है। अंतरराज्यीय सीमा से सटे गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, बिना किसी जरूरी काम के जंगलों में नहीं जाने और बाघ के दिखाई देने या उसकी गतिविधि का पता चलने पर तुरंत वन अधिकारियों को सूचित करने की सलाह दी गई है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष