नयी दिल्ली, 2 नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के पॉश इलाके गोल्फ लिंक्स में एक व्यवसायी के आवास पर हुई डकैती में कथित तौर पर शामिल 22 वर्षीय युवक को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुशील कुमार की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। अपराध शाखा ने उसे 31 अक्टूबर को मधुबनी से गिरफ्तार किया।
यह घटना 16 अप्रैल को हुई थी, जब सात से आठ हथियारबंद लोग गोल्फ लिंक्स स्थित 76 वर्षीय शराब व्यवसायी के आवास में जबरन घुस गए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलवारों और अन्य हथियारों से लैस बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें धमकाया और लगभग 30-35 लाख रुपये कीमत के आभूषण व नकद लूट लिए और भाग गए।
पुलिस के अनुसार, कुमार को वारदात से कुछ दिन पहले ही घर में घरेलू सहायक के रूप में रखा गया था और उसने ही अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कथित तौर पर साजिश रची और डकैती में मदद की।
इस बाबत तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में छह अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन कुमार फरार था और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
अधिकारी ने यह भी बताया कि विशिष्ट सूचनाओं और तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम ने मधुबनी में उसके ठिकाने का पता लगाया।
पुलिस ने बताया कि नेपाल सीमा से निकटता के कारण टीम को उसका पता लगाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन आखिरकार उसे घोघरडीहा रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि उसे एक नवंबर को एक शहर की अदालत में पेश किया गया।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश