मुंबई, दो नवंबर (भाषा) सूक्ष्म ऋणदाता स्पंदन स्फूर्ति फाइनेंशियल ने सोमवार को एक साइबर धोखाधड़ी की जानकारी दी, जिसमें एक नवंबर को उसके एक बैंक खाते से 7.80 करोड़ रुपये के अनधिकृत लेनदेन किए गए।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि लगभग 7.80 करोड़ रुपये के ये अनधिकृत लेनदेन 82 लाभार्थी खातों में हस्तांतरित किए गए।
साइबर धोखाधड़ी की इस घटना का पता चलने के बाद कंपनी ने प्रभावित सेवाओं को तुरंत रोक दिया।
बयान में कहा गया कि इस मामले की सूचना बैंक को दे दी गई है और लेनदेन को वापस मंगाने, लाभार्थी खातों पर रोक लगाने तथा विस्तृत जांच का अनुरोध किया गया है।
बयान में आगे कहा गया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और अन्य संबंधित अधिकारियों के पास भी शिकायत दर्ज करा दी गई है।
स्पंदन स्फूर्ति फाइनेंशियल के पास साइबर धोखाधड़ी बीमा है और बीमा कंपनी के पास दावा दाखिल किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह में कई ऋणदाताओं के यहां साइबर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय