Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

भारतीय टीम मुझे घरेलू टेस्ट मैचों के लिए ही उपयोगी मान रही: सरफराज

(दूसरे पैरे में सुधार के साथ रिपीट)

मुंबई, दो नवंबर (भाषा) भारतीय मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय टीम प्रबंधन उन्हें फिलहाल केवल घरेलू परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट के लिए ही उपयोगी मान रहा है।

रेलवे के खिलाफ रणजी मैच में 100 गेंद में 55 रन बनाने वाले सरफराज ने विदेशी दौरों पर टीम में जगह नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने भारत के बाहर भी रन बनाए हैं।

रेलवे के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद सरफराज ने पत्रकारों से कहा, ‘‘जब मैं भारतीय टीम के साथ था तो मैंने यही सुना कि वे मुझे भारतीय परिस्थितियों में खेलने के लिए ज्यादा देख रहे हैं। किसी चयनकर्ता ने हालांकि मुझसे सीधे तौर पर ऐसा नहीं कहा है।’’

फरवरी 2024 में टेस्ट पदार्पण करने वाले सरफराज ने अब तक अपने करियर के सभी छह टेस्ट मैच भारत में खेले हैं। हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भी वह चोटिल साई सुदर्शन के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किए गए थे, लेकिन उन्हें अंतिम एकादश में खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था।

सरफराज ने विदेशी दौरों के लिए टीम में चयन नहीं होने पर हैरानी जताई। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में अभ्यास मैचों में बनाए गए शतकों का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं दक्षिण अफ्रीका गया था तो वहां अभ्यास मैच में भारत ए का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय टीम के खिलाफ 63 गेंदों में शतक बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड में भी मैंने 76 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि मैंने भारत के बाहर रन नहीं बनाए हैं। मैंने वहां भी रन बनाए हैं। यह चयनकर्ताओं का नजरिया है और उनका फैसला है। मेरा काम क्रिकेट खेलना है।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

आनन्द

आनन्द