Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

आईटीसी का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 18.45 प्रतिशत घटकर 4,229.33 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) विविध कारोबार से जुड़ी कंपनी आईटीसी लिमिटेड का अधिक खर्च के कारण वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 18.45 प्रतिशत घटकर 4,229.33 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 5,186.55 करोड़ रुपये का एकीकृत लाभ दर्ज किया था।

कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका परिचालन राजस्व 43.85 प्रतिशत बढ़कर 30,578.4 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 21,255.86 करोड़ रुपये था।

आईटीसी ने कहा कि उसे सिगरेट को छोड़कर सभी कारोबारी खंड में मजबूत वृद्धि देखने को मिली है। इसमें कहा गया कि एफएमसीजी कारोबार ने मुद्रास्फीति के दबाव के बीच कर-पूर्व आय (एबिटा) मार्जिन में सालाना आधार पर आधा प्रतिशत की वृद्धि हासिल की।

इसके अलावा आईटीसी के कागज खंड में मजबूत सुधार की गति रही और पश्चिम एशिया संकट के चलते व्यापार व्यवधानों के बावजूद इसके कृषि व्यवसाय ने भी मजबूत वृद्धि दर्ज की।

सितंबर तिमाही में आईटीसी का कुल खर्च सालाना आधार पर 69.6 प्रतिशत बढ़कर 25,462.44 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान अन्य आय को मिलाकर कंपनी की कुल एकीकृत आय 42.33 प्रतिशत बढ़कर 31,085.76 करोड़ रुपये रही।

आईटीसी ने कहा, ''नए भू-राजनीतिक तनाव और व्यापार व्यवधानों के बीच परिचालन का माहौल अत्यधिक अनिश्चितता से भरा रहा। कच्चे तेल और इससे जुड़े उत्पादों की कीमतें ऊंची बनी रहीं, जबकि आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और उच्च माल भाड़ा लागत जारी रही।''

कंपनी ने आगे कहा कि ऊर्जा और खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों के साथ-साथ ऊंचे सरकारी बॉण्ड प्रतिफल और कड़े वित्तीय हालात के कारण मुद्रास्फीति का दबाव और बढ़ गया है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय