Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन को पुलिस कर्मियों ने आत्म सम्मान की लड़ाई बताया

(अहमद नोमान)

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के एक थाने में वकीलों के साथ टकराव के बाद दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन करने आए पुलिस कर्मियों ने सोमवार को इसे ‘आत्मसम्मान’ की लड़ाई बताया और कहा कि उन्हें बहुत मजबूरी में यहां आना पड़ा है।

शाहदरा थाने में 23 अक्टूबर को वकीलों के साथ हुए टकराव के बाद गांधी नगर उपमंडल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के पद पर तैनात मनस्वी वशिष्ठ का तबादला महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूडब्ल्यूएसी) में कर दिया गया। शाहदरा थाने के तत्कालीन एसएचओ अरुण कुमार का तबादला सुरक्षा इकाई में कर दिया गया।

इसके विरोध में तख्ती और पोस्टर हाथों में लिए प्रदर्शनकारी पुलिस कर्मी जयसिंह मार्ग स्थित पुलिस मुख्यालय के द्वार संख्या एक के बाहर जमा हुए और एसीपी वशिष्ठ और शाहदरा के थाना प्रभारी (एसएचओ) रहे अरुण कुमार को उनके पुराने पदों पर बहाल करने की मांग की।

यह विवाद थाने में पुलिस और वकीलों के बीच हुई हाथापाई से शुरू हुआ, जिसमें एक वकील घायल हो गया था। वकीलों के अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान करने के बाद, एसीपी और निरीक्षक का तबादला कर दिया गया था। इसके बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी।

मुख्यालय के द्वार संख्या एक के सामने वर्दी में और सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी प्रदर्शन कर रहे थे और सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। सड़क के दूसरी तरफ द्वार संख्या एक के बाहर बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों के कर्मियों को तैनात किया गया था। प्रदर्शनस्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकर्मी पुलिस कर्मियों को समझाते दिखे। अधिकारी उनसे अपनी बात व्यवस्थित तरीके से रखने का आग्रह कर रहे थे।

प्रदर्शन में आए एक कांस्टेबल ने नाम न बताने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इस तरह प्रदर्शन करने पर कार्रवाई हो सकती है, लेकिन यह लड़ाई ‘आत्मसम्मान’ की है, इसलिए सड़क पर आना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब बहुत जरूरी हो गया है कि वकीलों की कथित मनमानी के खिलाफ आवाज़ उठाई जाए।

एक अन्य कर्मी ने कहा कि वे यहां बहुत मजबूरी में आए हैं। उन्होंने कहा कि नौकरी सबको प्यारी होती है, लेकिन वकीलों की मनमानी काफी वक्त से चल रही है, इसलिए सड़क पर उतरना पड़ा है।

वहीं, एक महिला उपनिरीक्षक ने कहा कि वह यहां प्रदर्शन करने के लिए इसलिए आई हैं, क्योंकि वह रोज़ रोज़ अपमान और मारपीट नहीं झेल सकतीं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पुलिस बल के अच्छे के लिए हो रहा है और अगर इसे लेकर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई होती है तो हो जाए, लेकिन इसके परिणाम अच्छे होंगे।

प्रदर्शन में एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी ने जिला अदालतों एवं उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के प्रति भी नाराज़गी बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वकीलों के साथ कुछ गलत होता है, तो अदालतें मामलों का स्वत: संज्ञान लेती हैं, लेकिन पुलिस के साथ कुछ गलत होने पर वे मौन साध लेती हैं।

इस बीच पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने कर्मियों की शिकायतें सुनने के लिए जनसुनवाई आयोजित की और उनकी जायज शिकायतों के व्यवस्थित समाधान के लिए त्वरित और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव