... अमनप्रीत सिंह ...
चेन्नई, दो नवंबर (भाषा) भारतीय महिला टेनिस की नंबर एक खिलाड़ी वैष्णवी अडकर का लक्ष्य अपने ‘टॉपस्पिन फोरहैंड’ के दम पर विश्व रैंकिंग में शीर्ष 200 में जगह बनाने का है। इस 21 वर्षीय खिलाड़ी का मानना है कि यह शॉट उनके खेल की सबसे बड़ी पहचान बन सकता है। इस शॉट में गेंद पर अधिक स्पिन होने के कारण वह ऊंचाई से जाती है और टप्पा खाने के बाद तेजी से उछलती है। इससे विरोधी खिलाड़ियों को बेसलाइन से पीछे हटना पड़ता है। विश्व रैंकिंग में 344वें स्थान पर काबिज वैष्णवी ने डब्ल्यूटीए 250 चेन्नई ओपन से पहले पीटीआई से कहा, ‘‘ मेरे फोरहैंड में काफी स्पिन है। भारत और एशिया में बहुत कम लड़कियां इस तरह खेलती हैं। यह यूरोप की खिलाड़ियों के फोरहैंड जैसा है। इसलिए यहां की खिलाड़ियों को इसके खिलाफ खेलने में परेशानी होती है।’’ पुणे में जन्मी वैष्णवी ने कहा, ‘‘जब से मैंने टेनिस खेलना शुरू किया तब मैं गेंद को काफी जोर से मारती थी। स्पिन भी स्वाभाविक रूप से आने लगी। इसे और बेहतर बनाने के लिए हमने काफी काम किया है। इस पर और मेहनत करने से मुझे अधिक अंक हासिल करने में मदद मिलेगी।’’ केदार शाह की देखरेख में आठ साल तक प्रशिक्षण लेने के बाद वैष्णवी ने पिछले साल पुणे से बेंगलुरु में अपना प्रशिक्षण केंद्र बदला और इस साल रोहन बोपन्ना टेनिस अकादमी से जुड़ गईं। इस अकादमी में उन्हें एम. बालचंद्रन, रोहन बोपन्ना और अर्जेंटीना की पूर्व फेड कप कोच मारिया गैदानो का मार्गदर्शन मिल रहा है। उनके फिटनेस कार्यक्रम की जिम्मेदारी सुरभि दाते संभाल रही हैं। वैष्णवी ने कहा, ‘‘अब हर अभ्यास सत्र के लिए हमारे पास खास लक्ष्य होते हैं। हम बिना किसी योजना के अभ्यास नहीं करते। मैं जो कुछ भी करती हूं, उसके पीछे एक उद्देश्य होता है।’’ वैष्णवी ने इस साल फरवरी में आईटीएफ डब्ल्यू100 बेंगलुरु टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह 2009 में सानिया मिर्जा के बाद इस स्तर के एकल फाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला बनीं। उन्होंने मार्च में आईटीएफ डब्ल्यू35 कलबुर्गी का एकल और युगल खिताब जीता। अक्टूबर में ट्यूनीशिया के मोनास्टिर में भी वह उपविजेता रहीं। एशियाई खेलों के लिए चयन नहीं होने पर निराशा के बावजूद उन्होंने खुद को संभाला। उन्होंने कहा, 'शायद यह मेरे लिए छिपे हुए वरदान की तरह था। यह फैसला मेरे हाथ में नहीं था। मैंने अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी रैंकिंग सुधारी।’’ वैष्णवी ने अपने लक्ष्य के बारे में कहा, ‘‘अगला कदम शीर्ष 200 के करीब पहुंचना और ग्रैंडस्लैम में खेलने का मौका हासिल करना है।’’ भाषा आनन्द सुधीरसुधीर