कोच्चि, दो नवंबर (भाषा) केरल उच्च न्यायालय ने चर्चित ‘मिनी कूपर’ दुर्घटना मामले के एक सह-आरोपी द्वारा दायर जमानत याचिका पर सोमवार को राज्य सरकार से जवाब तलब किया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
न्यायमूर्ति कौसर एडप्पागाथ ने अभियोजन पक्ष के वकील को निर्देश दिया कि वह जोयल एस. एंटो की जमानत याचिका पर निर्देश प्राप्त करें। उन्होंने साथ ही इस मामले को मुख्य आरोपी सुहैल की उस अर्जी के साथ सूचीबद्ध कर दिया, जिसमें उसने भी इसी तरह का अनुरोध किया है। दोनों मामलों को छह नवंबर के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
उच्च न्यायालय में 30 अक्टूबर को सुहेल की याचिका पर सुनवाई हुई, और सरकारी वकील को उसकी जमानत अर्जी के संबंध में निर्देश लेने का निर्देश दिया गया।
अंगमाली मजिस्ट्रेट अदालत और एर्नाकुलम सत्र न्यायालस से राहत न मिलने के बाद, दोनों आरोपियों ने जमानत के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया है। इनके अलावा, इस मामले में दो और आरोपी निनाव और अमीन शा हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसे के समय सुहैल लग्जरी कार चला रहा था और बाकी तीन लोग उसमें सवार थे। उसने बताया कि कार ने एक तीन पहिया वाहन को टक्कर मारी जिसमें दो युवतियां और उनका एक पुरुष मित्र बैठे थे, और इस टक्कर में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उस समय सुहैल नशे में था और बहुत तेज रफ़्तार से कार चला रहा था। यह हादसा 10 अक्टूबर की देर रात करीब 1.45 बजे हुआ था।
भाषा धीरज नरेश
नरेश