Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

उमर ने सिविल सचिवालय में कर्मचारियों और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों का उद्घाटन किया

जम्मू, दो नवंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को यहां सिविल सचिवालय में 189 लाख रुपये की लागत से निर्मित अवसंरचना से जुड़े कार्यों का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य कार्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और पारंपरिक 'दरबार स्थानांतरण' की पुनः शुरुआत के बाद कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए सुविधाओं में सुधार करना है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूंजीगत व्यय बजट के तहत 158.09 लाख रुपये की अनुमानित लागत से हाल ही में निर्मित पूर्वनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया।

अब्दुल्ला ने सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर पुनर्निर्मित स्वागत कक्ष का भी उद्घाटन किया, जिसका निर्माण रखरखाव और मरम्मत (एम-आर) घटक के तहत 31.10 लाख रुपये की लागत से किया गया था।

अभियंताओं ने मुख्यमंत्री को परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिसमें इन कार्यों के तहत विकसित किए गए बुनियादी ढांचों और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं पर प्रकाश डाला गया।

प्रवक्ता ने कहा कि अब्दुल्ला ने नवनिर्मित सुविधाओं और सिविल सचिवालय में कार्यालयों का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश