नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी की खाड़ी देश की दो दिवसीय यात्रा के दौरान ऊर्जा एवं व्यापार समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
मिसरी की यह यात्रा सोमवार को समाप्त हुई।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मिसरी ने अबू धाबी में यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री एवं भारत के लिए विशेष दूत रीम अल हाशिमी के साथ वार्ता की।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की और सहयोग के नए अवसर तलाशे। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।’’
हूती चरमपंथियों के सऊदी अरब पर कई हमले किए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव अचानक बढ़ गया है।
भारत ने सऊदी अरब के असैन्य बुनियादी ढांचों और आर्थिक प्रतिष्ठानों पर हूतियों के हमलों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। भारत ने आगाह किया है कि इस तरह के हमलों से क्षेत्रीय स्थिरता कमजोर होती है और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से जहाजों की निर्बाध आवाजाही को खतरा पैदा होता है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि मिसरी ने अबू धाबी के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के अध्यक्ष मोहम्मद खलीफा अल मुबारक से भी मुलाकात की।
मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के आदान-प्रदान तथा पर्यटन के क्षेत्र में संस्थागत संबंध मजबूत करने एवं सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच आपसी विश्वास और रणनीतिक मुद्दों पर सहमति के साथ-साथ आने वाले समय में द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की दोनों देशों की प्रतिबद्धता भी सामने आई।
मिसरी की अबू धाबी यात्रा से दो सप्ताह पहले यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने भारत की यात्रा की थी।
भारत और यूएई के बीच 2022 में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर हस्ताक्षर होने के बाद द्विपक्षीय व्यापार और दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
दोनों देश एक-दूसरे के प्रमुख व्यापारिक और निवेश साझेदारों में शामिल हैं। व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते, स्थानीय मुद्रा में भुगतान की व्यवस्था और द्विपक्षीय निवेश संधि से दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिली है।
भाषा सिम्मी नरेश
नरेश