जम्मू, दो नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सोमवार को गलती से एक बारूदी सुरंग पर पैर पड़ जाने से सेना का एक पोर्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, लैंगर गांव निवासी कृष्ण लाल पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे नौशेरा सेक्टर के अग्रिम इलाके से गुजर रहे थे, तभी अनजाने में उनका पैर एक बारूदी सुरंग पर पड़ गया और विस्फोट हो गया।
उन्होंने बताया कि विस्फोट में लाल ने अपना दाहिना पैर गंवा दिया। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ रोकने के लिए अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। हालांकि, भारी बारिश के कारण इनमें से कुछ सुरंगें कभी-कभी अपनी जगह से खिसककर बह जाती हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं और अग्रिम इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो जाता है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप