अमरावती, दो नवंबर (भाषा) चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के कारण सोमवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा, तिरुपति और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों से संचालित होने वाली कम से कम 19 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं।
विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक एम. लक्ष्मी कांथा रेड्डी ने बताया कि इंडिगो ने 10 और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने दो उड़ानें रद्द की हैं।
वहीं, जीएमआर समूह के एक अधिकारी ने बताया कि विशाखापत्तनम हवाई अड्डे (भोगापुरम) ने चार उड़ानें रद्द कर दी हैं।
तिरुपति हवाई अड्डे के निदेशक डी. भूमिनाथन ने बताया कि इंडिगो ने विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानें रद्द की हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के दो और तीन नवंबर की दरमियानी रात नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है।
तूफान के प्रभाव से राज्य में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश एक सप्ताह के भीतर ‘अर्नब’ के बाद दूसरे चक्रवात का सामना कर रहा है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव