Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

बाइनेंस से अरबों डॉलर की चोरी के लिए एफबीआई ने उ. कोरिया को जिम्मेदार ठहराया

न्यूयॉर्क, दो नवंबर (एपी) अमेरिकी एजेंसी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने शनिवार को कहा कि कुछ ही मिनटों के भीतर बाइनेंस से अरबों डॉलर की चोरी इतिहास की सबसे बड़ी क्रिप्टो डकैती है, जिसकी साजिश उत्तर कोरियाई हैकरों ने रची थी।

बाइनेंस दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज है।

एफबीआई ने एक बयान में कहा कि इस सप्ताह हुआ साइबर हमला ‘ट्रेडरट्रेटर’ नामक समूह की ‘दुर्भावनापूर्ण साइबर गतिविधियों’ से जुड़ा है। यही समूह पिछले साल बायबिट से 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर की चोरी के लिए भी जिम्मेदार था।

एफबीआई ने क्रिप्टो एक्सचेंजों, ब्लॉकचेन विश्लेषण कंपनियों और अन्य संबंधित पक्षों से विभिन्न डिजिटल पतों से जुड़े लेनदेन रोकने का अनुरोध किया है, ताकि चोरी की गई रकम की पहचान छिपाने के लिए उसका अवैध रूप से लेनदेन न किया जा सके।

एजेंसी ने यह भी कहा कि उसकी जांच में पता चला है कि ‘ट्रेडरट्रेटर’ चोरी की गई संपत्तियों को मुख्य रूप से इथेरियम नामक क्रिप्टोकरेंसी में बदल रहा था। एफबीआई को आशंका है कि यह समूह अब विकेंद्रीकृत वित्त (डीएफआई) और ‘इंस्टेंट स्वैप सेवाओं’ के जरिये इन संपत्तियों को दूसरी क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की कोशिश करेगा।

हालांकि, फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास पर शनिवार रात ‘हैलोवीन पार्टी’ में शामिल होने के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि जांचकर्ताओं को अभी यह पक्का नहीं है कि इस घटना में उत्तर कोरिया शामिल है।

ट्रंप ने इस बारे में कहा, ‘‘मैं चिंतित नहीं हूं। हम इसकी जानकारी जुटा रहे हैं। हमें नहीं पता कि इसमें उत्तर कोरिया शामिल है या नहीं।’’ हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आगे चलकर इसकी पुष्टि हो सकती है।

क्रिप्टो विशेषज्ञ एरी रेडबोर्ड ने कहा कि उन्हें आशंका है कि हैकर चोरी की गई संपत्तियों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर पहचान से बचने के लिए छोटे एक्सचेंजों के जरिये उनका अवैध लेनदेन करने की कोशिश करेंगे। यह प्रक्रिया कई महीनों तक चल सकती है।

एपी संतोष सुरेश

सुरेश