Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

जम्मू-कश्मीर: पटनीटॉप में होटल के लिए जमीन हड़पने के मामले में ईडी ने संपत्तियां कुर्क कीं

जम्मू, दो नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पटनीटॉप होटल्स भूमि अतिक्रमण मामले के संबंध में, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 10.66 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ईडी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि जब्त की गई संपत्तियों में उधमपुर जिले के पटनीटॉप हिल रिसॉर्ट में स्थित होटल हॉलिडे इन, होटल ब्रॉडवे, होटल हॉलीवुड और होटल माउंटव्यू की जमीन और इमारतें शामिल हैं।

इससे पहले, ईडी ने 2025 में दो अनंतिम कुर्की आदेश जारी किए थे, जिनके तहत इसी मामले में लगभग 30.72 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं।

उन्होंने बताया कि 10.66 करोड़ रुपये की संपत्तियों को हाल ही में कुर्क किए जाने के बाद, इस मामले में अस्थायी रूप से कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 41.38 करोड़ रुपये हो गया है।

ईडी ने अपनी जांच, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और जम्मू के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर शुरू की। यह प्राथमिकी पटनीटॉप इलाके में स्थित होटलों, अतिथि गृहों, रिसॉर्ट्स, कॉटेज और आवासीय संपत्तियों के विभिन्न मालिकों और निदेशकों, तथा पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (पीडीए) के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज की गई थी।

प्रवक्ता ने बताया कि ये आरोप आवासीय इमारतों के व्यावसायिक इस्तेमाल, स्वीकृत सीमा से अधिक निर्माण, और घने जंगलों, कृषि क्षेत्रों तथा आवासीय क्षेत्रों जैसे प्रतिबंधित इलाकों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान चलाने से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि निर्धारित नियमों और विनियमों का पालन सुनिश्चित करने में पीडीए अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर चूक हुई है।

सीबीआई ने 2023 में जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, रणबीर दंड संहिता, पर्यटक व्यापार पंजीकरण अधिनियम और जम्मू-कश्मीर वन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत, छह होटलों से जुड़े आठ होटल मालिकों और पीडीए के कई अधिकारियों के खिलाफ छह आरोप-पत्र दाखिल किए।

उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश