Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

न्यायालय ने भ्रष्टाचार के मामले में आईपीएस अधिकारी महादेव को मिली अग्रिम जमानत रद्द की

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी श्रीनाथ जोशी महादेव को कर्नाटक उच्च न्यायालय से मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी है।

कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने महादेव पर भ्रष्टाचार के एक मामले में अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने 29 अक्टूबर को अग्रिम जमानत रद्द करते हुए महादेव को आदेश की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया कि वह कानून के अनुसार उचित अदालत में नियमित जमानत के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र होंगे।

पीठ ने कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस की ओर से दाखिल अपील को स्वीकार कर लिया, जिसमें उच्च न्यायालय के एक सितंबर, 2025 के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसके तहत महादेव को गिरफ्तारी से सुरक्षा दी गई थी। महादेव उस समय लोकायुक्त में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत तथ्यों का उल्लेख करते हुए पीठ ने कहा कि इसकी ‘गहन जांच’ की आवश्यकता है और ‘‘उच्च न्यायालय का प्रतिवादी को अग्रिम जमानत देकर हिरासत में पूछताछ की संभावना को पूरी तरह खत्म कर देना उचित नहीं था’’।

शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की कि महादेव के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, खासकर इसलिए क्योंकि वह भ्रष्टाचार से निपटने के लिए बनाई गई संस्था में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के पद पर तैनात थे।

पीठ ने कहा कि लोकायुक्त की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ही भ्रष्टाचार पर रोक लगाना है। उसने साथ ही कहा कि इस संस्था में कार्यरत एक अधिकारी के खुद भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।

यह मामला दो जून, 2025 को भ्रष्टाचार रोधी अधिनियम-1988 के तहत दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। शुरुआत में केवल बर्खास्त पुलिस आरक्षी निंगप्पा सावंता को बतौर आरोपी नामजद किया गया था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सावंता ने स्वयं को लोकायुक्त कार्यालय का अधिकारी बताकर सरकारी कर्मचारियों को धमकाया था और उनसे वसूली की थी। बाद में, सवन्था द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर महादेव को भी इस मामले में आरोपी संख्या-2 के तौर पर नामजद किया गया।

भाषा धीरज माधव

माधव