मुजफ्फरनगर, दो नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की एक अदालत ने 2013 के दंगों से जुड़े हत्या के एक मामले में सोमवार को साक्ष्य के अभाव में आठ आरोपियों को बरी कर दिया। एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी।
अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुराग पंवार ने आरोपियों को बरी करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष अपना मामला साबित करने में विफल रहा।
शर्मा के अनुसार, विशेष जांच दल (एसआईटी) ने नौ लोगों वीरेंद्र, विकास, अंकुर, जगपाल, अरविंद, मोहित, अनुज, संदीप और दीपक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
इन सभी पर दंगों के दौरान धारदार हथियारों से एक घर पर हमला करने का आरोप था। यह घटना आठ सितंबर, 2013 को खतौली थाना क्षेत्र के लंक गांव में हुई थी।
हमले में घर की मालकिन 70 वर्षीय शकूरन की हत्या कर दी गई थी।
उनके बेटे यूसुफ सैफी ने नौ आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोपियों में शामिल दीपक की मुकदमे की सुनवाई के दौरान मौत हो गई, इसके बाद शेष आठ आरोपियों के खिलाफ मामले की सुनवाई हुई।
वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों में 60 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 40,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए थे।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र