Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

भाकियू नेता टिकैत ने विपक्ष से सभी राज्यों में बड़ी रैलियां करने का आह्वान किया

(फाइल फोटो के साथ)

गाजियाबाद (उप्र), दो नवंबर (भाषा) भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्‍ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सोमवार को कहा कि विपक्ष दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को हुई रैली की तर्ज पर सभी राज्यों में बड़ी रैलियां करे।

उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए एक ‘वैचारिक क्रांति’ की जरूरत है।

टिकैत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष को अपना अभियान राष्ट्रीय राजधानी से बाहर ले जाना चाहिए और पूरे देश में लोगों को एकजुट करना चाहिए।

भाकियू प्रवक्ता ने कहा, ‘‘विपक्ष को हर राज्य में एक बड़ी रैली करनी चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे उसने दिल्ली के रामलीला मैदान में की। देश को बचाने के लिए एक वैचारिक क्रांति जरूरी है।’’

उन्होंने सुझाव दिया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी को इस पहल की कमान संभालनी चाहिए।

'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) की उभरती भूमिका का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी (जेन-जेड) देश की राजनीति और सरकार को बदलने में अहम भूमिका निभायेगी।

टिकैत ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वे गन्ना किसानों की मांगों को पूरा करने या किसान नेताओं के साथ बातचीत करने में विफल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 22 जनवरी, 2021 के बाद से कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि भाकियू की मांग है कि पूरे देश में गन्ना खरीद का दाम एक समान, यानी 550 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए।

उनका तर्क है कि किसान चाहे किसी भी राज्य का हो, उसे एक समान कीमत मिलनी चाहिए।

टिकैत 2014 के एक आपराधिक मामले की सुनवाई में शामिल होने के लिए गाजियाबाद आए थे, जिसमें उनके समेत 36 आरोपी हैं। उनके वकील अजयवीर चौधरी ने बताया कि न्यायाधीश के छुट्टी पर होने के कारण सुनवाई टाल दी गई और अगली तारीख 12 नवंबर तय की गई है।

विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली की। यह रैली मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) से जुड़ी कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ थी। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। यह रैली कई हफ्तों तक चले विरोध प्रदर्शनों और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर चलाए गए व्यापक अभियान के बाद आयोजित की गई थी।

भाषा किशोर आनन्द

राजकुमार

राजकुमार