ईटानगर, दो नवंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश और असम की सरकारों ने लंबे समय से जारी अंतरराज्यीय सीमा विवादों पर चर्चा करने के लिए सोमवार को क्षेत्रीय समिति की बैठक की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बैठक में अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले और उससे सटे असम के तिनसुकिया जिले के बीच सीमा विवाद पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश की क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष ओजिंग तासिंग और असम की ओर से उनके समकक्ष अतुल बोरा की सह-अध्यक्षता में यह बैठक अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले के रोइंग में हुई। तासिंग और बोरा दोनों अपने-अपने राज्यों में मंत्री हैं।
बैठक में कई अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों ने बातचीत और आपसी सहमति के जरिए सौहार्दपूर्ण एवं पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों राज्य लंबे अरसे से सीमा विवादों को सुलझाने के प्रयासों के तहत क्षेत्रीय समितियों के माध्यम से संस्थागत स्तर पर बातचीत कर रहे हैं।
असम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने 15 जुलाई, 2022 को नामसाई घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
इस घोषणा पत्र का उद्देश्य विवादित सीमावर्ती गांवों की संख्या 123 से घटाकर 86 करना तथा संयुक्त सत्यापन और विवादों के समाधान के लिए क्षेत्रीय समितियों का गठन करना था।
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच 804.1 किलोमीटर लंबी सीमा है, जिसके कुछ हिस्सों को लेकर दोनों राज्यों के बीच विवाद है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश